सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में उछाल देखा गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 113.07 अंक चढ़कर 48,550.85 पर, निफ्टी 38.95 अंक बढ़कर 14,238.45 पर पहुंचा। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी 193.81 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव देखने को मिला और 48,616.66 के रिकॉर्ड स्तर पर खुलने के बाद इसमें गिरावट हुई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में वृद्धि के बाद फिलहाल 38.03 अंक या 0.08 फीसदी गिरकर 48,399.75 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह एनएसई निफ्टी 8.10 अंक या 0.06 फीसदी गिरकर 14,191.40 पर था।
दिग्गज शेयरों का हाल
सेंसेक्स में सबसे अधिक एक फीसदी का उछाल आईटीसी में आया। इसके अलावा बढ़ने वाले शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचयूएल, एचसीएल टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस शामिल हैं। दूसरी ओर ओएनजीसी, टाइटन, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक और भारती एयरटेल में गिरावट हुई।
तीन पैसे चढ़ा रुपया
दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में एक बार फिर लॉकडाउन की आशंका के बीच रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सपाट खुला और फिर तीन पैसे की बढ़त दर्ज करते हुए 73.14 के स्तर पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में घरेलू मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.16 पर खुली और बढ़त दर्ज करते हुए 73.14 के उच्च स्तर पर पहुंच गई, जो पिछले बंद के मुकाबले तीन पैसे की बढ़त को दर्शाता है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे की गिरावट के साथ 73.17 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को सकल आधार पर 986.30 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.52 फीसदी बढ़कर 53.88 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट पर हुई थी। सेंसेक्स 183.10 अंक (0.38 फीसदी) नीचे 47,993.70 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.40 फीसदी (56.90 अंक) नीचे 14,076 के स्तर पर खुला था।
मंगलवार को उच्चतम स्तर पर बंद हुआ था बाजार
मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में निवेशकों में उत्साह दिखा और यह हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.54 फीसदी की तेजी के साथ 260.98 अंक ऊपर 48437.78 के स्तर पर बंद हुआ और निफ्टी 66.60 अंक (0.47 फीसदी) की बढ़त के साथ 14199.50 के स्तर पर बंद हुआ था।