वैश्विक बाजार के मिले-जुले रुख के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। टैरिफ को लेकर अनिश्चितता और पहली तिमाही के नतीजों के मौसम की शुरुआत के कारण निवेशक सतर्क दिखे। दोपहर 12 बजकर 18 मिनट पर सेंसेक्स 34.36 (0.04%) अंक चढ़कर 83,755.73 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, निफ्टी 15.46 (0.06%) अंक की बढ़त के साथ 25,537.95 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
सेंसेक्स की कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, इंफोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक पिछड़ गए। हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, मारुति और टाइटन लाभ में रहे।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा कि बाजार टैरिफ के मोर्चे पर चल रही हलचल को काफी हद तक नजरअंदाज कर रहे हैं और स्पष्टता आने का इंतजार कर रहे हैं। शायद, निकट भविष्य में बाजार के नजरिए से पहली तिमाही के नतीजे ज्यादा महत्वपूर्ण होंगे। अमेरिका ने 2 अप्रैल के रेसिप्रोकल टैरिफ के निलंबन को 1 अगस्त तक बढ़ा दिया है।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि जापान का निक्केई 225 सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग निचले स्तर पर कारोबार कर रहा था। मंगलवार को अमेरिकी बाजार सपाट स्तर पर बंद हुए।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (अनुसंधान) प्रशांत तापसे ने कहा कि फेडरल ओपन मार्केट कमेटी के मिनट्स (9 जुलाई) और टीसीएस की आय (10 जुलाई) के साथ, अस्थिरता बढ़ने की उम्मीद है।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.20 प्रतिशत गिरकर 70.01 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 26.12 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालाँकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,366.82 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। मंगलवार को 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 270.01 अंक या 0.32 प्रतिशत बढ़कर 83,712.51 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 61.20 अंक या 0.24 प्रतिशत चढ़कर 25,522.50 पर बंद हुआ।