रिलायंस रिटेल संगठित खुदरा क्षेत्र में अपनी आक्रामक विस्तार योजना को बरकरार रखेगी और उपभोक्ताओं की खरीदारी में की आदत में हो रहे बदलाव के साथ तालमेल बनाते हुए अपनी स्थिति को मजबूत करेगी। यह बात रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपनी हाल ही में जारी वार्षिक रिपोर्ट में कही।
टॉप 200 कंपनियों में होगी शामिल
दस अरब डॉलर से ज्यादा की बिक्री के साथ रिलायंस रिटेल विश्व की शीर्ष 200 खुदरा कंपनियों की कड़ी में जुड़ने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई है। साथ ही कंपनी भविष्य में संगठित खुदरा क्षेत्र में अपनी पकड़ और अधिक मजबूत करने के लिए भी तैयार हो रही है।
छोटे शहरों में खोलेगी स्टोर
कंपनी अपनी रणनीति के मुताबिक देश के टीयर-टू व टीयर-थ्री शहरों में अपने कारोबार का विस्तार बरकरार रखेगी। रिलायंस ने अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा कि कंपनी भारतीय संगठित खुदरा क्षेत्र में अपनी जगह बेहतर करने के लिए आक्रामक विस्तार की योजना में अपनी दूरसंचार शाखा जियो की ताकत का भी लाभ उठाएगी।
जियो का लेगी लाभ
कंपनी ने विस्तार हासिल करने के लिए चार अहम आधार स्तंभों को चिन्हित किया है, जिनमें अपने क्षेत्र की पहुंच में विस्तार करना, पूरी तरह नए स्टोर की अवधारणा व चैनल्स, ग्राहकों के अनुभवों को और बेहतर करना तथा प्रौद्योगिकी का पूरा फायदा उठाना शामिल है।