रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के राइट्स इश्यू शेयर सोमवार को शेयर बाजारों मे सूचीबद्ध होंगे। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के अनुसार 15 जून से रिलायंस के राइट्स इश्यू शेयरों का कारोबार शुरू हो जाएगा। आरआईएल के शेयरों से अलग यह राइट्स इश्यू के शेयर रिलायंसपीपी के नाम से शेयर बाजारों में सूचीबद्ध होंगे। इसके लिए एक अलग आईएसआईएन नंबर आईएन 9002 ए 01024 जारी किया गया है।
कुछ विशेषज्ञ और मीडिया रिपोर्ट में आंशिक भुगतान शेयर के 630 से 750 रुपये के बीच कारोबार करने का अनुमान है। राइट्स इश्यू के तहत शेयरधारकों को रिलायंस ने 15 शेयरों पर एक शेयर आवंटित किया है। 10 रुपये फेसमूल्य के शेयर का दाम 1247 रुपये प्रीमियम के साथ 1257 रुपये रखा गया है। आवेदन पत्र के साथ शेयरधारकों को 25 फीसदी यानी 314.25 रुपये चुकाने थे। बाकी बची रकम दो किश्तों में अगले वर्ष मई में पहली 25 प्रतिशत अर्थात 314.25 रुपये और बाकी बची 50 फीसदी रकम 628.50 रुपये नंवबर में अदा करनी है।
पिछले 10 वर्षों में दुनिया के सबसे बड़े गैर वित्तीय संस्थान राइट्स इश्यू से रिलायंस ने 53,124 करोड़ रुपये इकट्ठा करने की योजना बनाई थी। रिलायंस के राइट्स इश्यू को चौतरफा समर्थन मिला और यह इश्यू 159 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ। कोरोना काल में भी कंपनी को 84 हजार करोड़ रुपये की बोलियां मिलीं। इश्यू 20 मई से तीन जून तक खुला था और 15 जून को इसे बाजारों में कारोबार के लिए सूचीबद्ध किया जा रहा है।