अमेरिका ने भारत के तरजीही व्यापार के दर्जे को बरकरार रखने या ईरान से तेल खरीद में छूट देने पर दो टूक इनकार किया है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने बृहस्पतिवार को स्पष्ट किया कि भारत का जीएसपी दर्जा समाप्त होना तय है और वह अपने फैसले से पीछे हटने वाले नहीं हैं। साथ ही ईरान से किसी भी देश को तेल खरीद की कोई छूट नहीं दी जाएगी।
ट्रंप प्रशासन के शीर्ष अधिकारी ने कहा कि पिछले एक साल से भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद हमने भारत के जनरलाइज्ड सिस्टम ऑफ प्रेफरेंस (जीएसपी) दर्जे को समाप्त करने का फैसला किया और मार्च में नोटिस जारी कर बता दिया था कि उसे अब तरजीही व्यापार का लाभ नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निलंबन अब तय है और इसमें किसी प्रकार के बदलाव की गुंजाइश नहीं है।
जल्द ही इस बाबत औपचारिक घोषणा भी कर दी जाएगी। हमें अब आगे बढ़ने की राहत तलाशनी होगी और यह देखना होगा कि मोदी की नई सरकार के साथ किस तरह काम कर सकते हैं। भारत के साथ कई मोर्चे पर व्यापारिक रिश्ते मजबूत बनाने की कोशिश करनी होगी। गौरतलब है कि जीएसपी के तहत भारत को 2,000 उत्पादों के बिना आयात अमेरिका में निर्यात की छूट मिलती थी।
ईरान से तेल खरीदा तो प्रतिबंध को तैयार रहें
अमेरिका ने भारत और चीन की ओर इशारा करते हुए दो टूक कहा है कि उसके प्रतिबंधों के बावजूद अगर कोई देश ईरान से तेल खरीद करते हैं तो वे भी प्रतिबंध झेलने को तैयार रहें। अमेरिकी विदेश सचिव के सलाहकार ब्रायन हुक ने कहा कि ईरान से आयात में किसी तरह की छूट संभव नहीं है। हमने 30 देशों को आयात से रोका है और सभी ने इसे शून्य करने को आश्वस्त किया है। बावजूद इसके अगर कोई देश इसकी कोशिश करता है तो वह भी प्रतिबंध का सामना करना पड़ेगा।