रेलवे जल्द ही अपना एक नया ऐप लांच करने जा रही है। इस ऐप को शनिवार तक शुरू कर दिया जाएगा। ट्रेन टिकट के अलावा इस ऐप की मदद से फ्लाइट टिकट, कुली की बुकिंग, रिटायरिंग रुम, खाने की बुकिंग भी कर सकेंगे। हालांकि इस तरह का ऐप पहले से आईआरसीटीसी लांच कर चुका है।
7 करोड़ का आया खर्चा
रेलवे के इस नए ऐप को क्रिस ने बनाया है, जो कि रेल मंत्रालय की सॉफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी है। इस ऐप को बनाने में रेलवे के 7 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। रेल मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, अभी कई सारे ऐप्स रेलवे ने लांच किए हुए हैं जो कि यात्रियों की अलग-अलग जरुरतों को पूरा करती है।
ऐसे में यात्रियों को हर सर्विस के लिए अलग-अलग ऐप अपने फोन पर डाउनलोड करना पड़ता है। ऐसे में उनके फोन की मेमोरी और स्मार्टफोन के ओएस पर असर पड़ता है। इस समस्या को खत्म करने के लिए रेलवे काफी दिनों से एक मल्टी सर्विस ऐप तैयार कर रहा है, जिससे यात्री कैब, होटल और फ्लाइट की टिकट बुक कर सकेंगे। इस ऐप की घोषणा रेलवे ने 2016-17 के रेल बजट में की थी।