भारतीय रेलवे ने ट्रेन में सफर करने वाली महिलाओं को तोहफा दिया है। हालांकि इसका हाल ही में लागू हुए जीएसटी कानून से किसी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। रेलवे के इस कदम से स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही महिलाओं को किसी भी तरह से शर्मिंदा नहीं होना पड़ेगा, जिनके साथ तीन साल तक के बच्चे सफर करते हैं।
रेलवे ने देशभर में मौजूद सौ से अधिक रेलवे स्टेशनों पर बने वेटिंग हाल में स्तनपान कराने वाली महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष रुम बनाए हैं।
मेनका गांधी के पत्र के बाद उठाया कदम
रेलवे ने यह कदम महिला व बाल विकास मंत्री मेनका गांधी द्वारा अप्रैल में लिखे गए पत्र के बाद उठाया है। इसमें उनका कहना था कि रेलवे स्टेशनों पर स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भारी परेशानी से गुजरना पड़ा रहा है। इसके बाद रेलवे ने एक कमेटी बनाई।
उनकी सिफारिश थी कि रेलवे स्टेशनों पर एक ऐसी जगह का चयन इसके लिए किया जाना चाहिए जो भी़ड़ भरे इलाके से हटकर हो। वहां पर कुर्सी व मेज के लिए परदे का भी इंतजाम होना चाहिए।
पत्र मिलने के बाद रेल मंत्रालय ने अपने सभी जोनल हेड को कहा कि रेलवे स्टेशन पर बने वेटिंग हाल में इस तरह के विशेष कक्ष का निर्माण किया जाए।
इसके बाद हर जोन के प्रमुख स्टेशनों पर बने वेटिंग हाल में रेलवे ने पार्टिशन करके एक कुर्सी और टेबल की व्यवस्था की है। इससे महिलाओं को बच्चों को दूध पिलाने में आसानी होगी।