1927 से लेकर अभी तक 'द कंप्लीट मैन' की टैगलाइन से परिधान व टेक्सटाइल बनाने वाली कंपनी रेमंड अब रियल एस्टेट कारोबार में उतर गई है। कंपनी अब फ्लैटों का निर्माण करके बेचेगी। इससे पहले गोदरेज और टाटा संस जैसी पुरानी कंपनियां भी रियल एस्टेट सेक्टर में मकानों का निर्माण व बिक्री कर रही हैं।
यह होगा कंपनी का नाम
कंपनी ने एक बयान में कहा कि रेमंड समूह ने रियल्टी क्षेत्र के कारोबार के लिए रेमंड रियल्टी नाम से नई कंपनी शुरू की है। रेमंड ने ऐसे समय में रियल एस्टेट क्षेत्र में कदम रखा है, जब क्षेत्र बढ़ते कर्ज और आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।
बाजार में मिलेगी अच्छी कीमत
रेमंड के चेयरमैन और एमडी गौतम हरी सिंघानिया ने कहा कि शेयरधारकों के लिए बेहतरीन मूल्य जुटाने के प्रयासों के तहत कंपनी ने थाणे में उपस्थित अपनी जमीन का इस्तेमाल करने के लिए रियल एस्टेट बाजार में कदम रखा है। उन्होंने कहा कि यह भूखंड शहर के बीच में हैं, जिससे यह बाजार में अच्छी कीमत दिलाएगा।
दो बीएचके के तीन हजार फ्लैट
कंपनी इस क्षेत्र में अपने पहले प्रोजेक्ट के रूप में इसी भूखंड पर 10 आवासीय टावर का निर्माण करेगी, जिसमें दो बीएचके की क्षमता वाले 3,000 आवासीय मकान शामिल होंगे। कंपनी ने कहा कि वह अपने पहले चरण में पांच साल की अवधि में 25 फीसदी से अधिक के मुनाफे दायरे के साथ 3,500 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज करने का अनुमान है।