आवासिय ब्रोकरेज फर्म एनरॉक ने मंगलवार को कहा कि कोरोना वायरस महामारी के चलते देश भर में बंदी से आवासीय संपत्तियों की बिक्री प्रभावित होगी और पहले से चल रही परियोजनाओं को पूरा करने में देरी होगी। सलाहकार फर्म ने कहा कि देश के सात प्रमुख शहरों में 15.62 लाख से अधिक इकाइयां (2013 से 2019 के बीच शुरू हुई) निर्माणाधीन हैं।
परियोजनाओं में होगी देरी
ये शहर दिल्ली-एनसीआर, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), कोलकाता, चेन्नई, बंगलूरू, हैदराबाद और पुणे हैं। इनमें से सिर्फ मुंबई महानगर क्षेत्र और दिल्ली-एनसीआर में ही 57 फीसदी या लगभग 8.90 लाख यूनिट हैं। एनरॉक ने कहा कि इन शहरों में 31 मार्च तक तालाबंदी की घोषणा के चलते घर खरीदारों को परियोजनाओं में देरी के लिए खुद को तैयार कर लेना चाहिए।
प्रभावित होगी वलपर्स की माली हालत
इस संदर्भ में संस्था के निदेश और शोध प्रमुख प्रशांत ठाकुर ने कहा कि बंदी के चलते कई प्रमुख परियोजना स्थलों में लगभग कोई काम नहीं होगा। इससे डेवलपर्स की माली हालत भी प्रभावित होगी और घर खरीदने वालों में भी कमी आएगी।
30 राज्यों में लॉकडाउन
मालूम हो कि कोरोना वायरस के संकट से निपटने के लिए 30 राज्यों में लॉकडाउन किया गया है। जबकि चार राज्यों में कर्फ्यू लगाया गया है। इसके बावजूद दिल्ली से लेकर यूपी और पश्चिम बंगाल तक कई जगहों पर लोग एक साथ बाजार से सामान खरीदते नजर आए। वहीं, आज भी कई राज्यों से कोरोना के कई मामले सामने आए।