योग गुरू बाबा रामदेव की पतंजलि सहित तीन और बड़े औद्योगिक घरानों ने सहारा समूह की 7400 करोड़ रुपये की संपत्ति खरीदने की इच्छा जताई है। सहारा की ऐसी करीब 30 से अधिक संपत्तियां हैं जिनकी नीलामी होनी है। इन बड़े घरानों के अलावा रियल इस्टेट कारोबार से जुड़ी दो कंपनियां और एक पीएसयू कंपनी ने भी ऐसी ही इच्छा जताई है।
प्रॉपर्टी कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक इंडिया के मुताबिक जिन घरानों ने सहारा समूह की संपत्ति खरीदने में अपनी रुचि दिखाई है उनमें गोदरेज, अडानी और टाटा शामिल हैं। इसके अलावा ओमैक्स और एल्डेको सहित इंडियन ऑयल ने भी कुछ इस तरह की सहमति दिखाई है।
लखनऊ में सहारा अस्पताल को खरीदने के लिए यह समूह आगे
सहारा शहर लखनऊ में स्थित सहारा अस्पताल को खरीदने के लिए चेन्नई का अपोलो समूह सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक बिक्री के तमाम प्रक्रिया और संपत्तियों का मूल्यांकन होने में समय नहीं होने के कारण इनका वास्तविक मूल्यांकन होना संभव नहीं है। ऐसा इसलिए, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार सहारा को तत्काल सेबी के पास पैसा जमा कराना है।