कॉलेज की पढ़ाई पूरी होने के बाद आमतौर पर स्टूडेंट्स को जो माहौल अपनी पहली जॉब पर मिलता है, उसके लिए किसी भी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में ट्रेनिंग नहीं दी जाती है।आमतौर पर पढ़ाई खत्म करने के बाद जॉब के लिए आवदेन करने वाले स्टूडेंट्स को जॉब की बेसिक स्किल्स के बारे में भी नहीं पता होता है। छात्रों के ऐसे ही कुछ अनसुलझे सवालों का जवाब देने के लिए पहली बार आपकी अपनी वेबसाइट amarujala.com एचआर कॉन्क्लेव का आयोजन 6 अप्रैल को करने जा रही है। इस कॉन्क्लेव का उद्घाटन रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा करेंगे। इनके अलावा इस कॉन्क्लेव में देश भर के कई प्रमुख कॉलेज, यूनिवर्सिटी और कंपनियों के एचआर डिपार्टमेंट के प्रतिनिधि और सरकार के सीनियर अधिकारी छात्रों की इन समस्याओं से सीधे रूबरू होंगे।
छात्रों को क्लास रूम से बाहर निकलने के बाद पहली जॉब मिलने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिनके बारे में किसी भी कॉलेज,यूनिवर्सिटी में पढ़ाया नहीं जाता है। बेसिक स्किल्स में ईमेल करना, पॉवर प्वाइंट की प्रजेंटेशन देना, ऑफिस में सीनियर और जूनियर से बात करने का तरीका शामिल होता है। इन सबमें स्टूडेंट कई बार मात खा जाते हैं और उनको नौकरी भी नहीं मिलती है। इन स्किल्स में कमी होने के कारण कई बार नौजवान मायूस भी हो जाते हैं।
इन्हीं स्किल्स पर बात करने के लिए amarujala.com एचआर एंड डिजिटल कॉन्क्लेव का आयोजन करने जा रही है। 6 अप्रैल को हो रहे इस कॉन्क्लेव को दो सत्रों में बांटा गया है। पहले सत्र में इंटरनेट के व्यापक प्रसार से खत्म हो रही नौकरियों पर चर्चा होगी और दूसरे सत्र में बेसिक स्किल्स को कॉलेज की पढ़ाई में जोड़ने पर चर्चा होगी।
इंटरनेट के व्यापक प्रसार से क्या खत्म हो जाएंगी नौकरियां?
कॉन्क्लेव में इंटरनेट और जॉब पर पड़ रहे उसके दुष्प्रभावों पर चर्चा होगी। इसमें यह बताया जाएगा कि क्या इंटरनेट और टेक्नोलॉजी के ज्यादा प्रयोग से नौकरियों पर खतरा बढ़ रहा है। खासतौर पर अभी इसका प्रभाव केवल आईटी सेक्टर में देखने को मिल रहा हैं, जहां ऑटोमेशन के जरिए कंपनियां अपनी वर्कफोर्स में काफी कटौती कर रही हैं।
इसी प्रकार बैंकिंग सेक्टर में रोबोट के बढ़ते प्रयोग से भी नौकरियां काफी घट रही हैं, जहां एक तरफ कंपनियां टेक्नोलॉजी का प्रयोग करके ऐसे उत्पाद बना रही हैं, जिससे लोगों की जिंदगी में काफी सहूलियत हो रही है। सत्र में आए विशेषज्ञ इन बातों पर चर्चा करेंगे, कि क्या टेक्नोलॉजी हमारी नौकरियां को खत्म कर देगी।
मनोज सिन्हा करेंगे कॉन्क्लेव का उद्घाटन, जावड़ेकर होंगे मुख्य अतिथि
amarujala.com द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव के मुख्य अतिथि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर होंगे। कॉन्क्लेव का आयोजन दिल्ली के कैलारिजस होटल में दोपहर 3 बजे से रात के नौ बजे तक चलेगा।