स्टेट बैंक ऑफ पटियाला एक साल से लेकर 555 दिन के घरेलू सावधि जमा पर 9.25 फीसदी ब्याज देगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए ब्याज दर 9.75 फीसदी तक होगी। पटियाला स्थित बैंक मुख्यालय के अनुसार इस योजना के तहत तिमाही चक्रवृद्धि आधार पर 10.11 फीसदी का प्रभावी वार्षिक मुनाफा दिया जाएगा।
यह योजना 13 सितंबर से लागू है और इस महीने के अंतिम कार्य दिवस 28 सितंबर को बंद हो जाएगी। खातों के छमाही बंदी के कारण देशभर में बैंक की शाखाओं में 29 सितंबर को सार्वजनिक लेन-देन का काम बंद होगा। स्टेट बैंक आफ पटियाला की वार्षिक ब्याज दर 556 दिन से लेकर पांच वर्ष से कम समय तक की सावधि जमा के लिए 9 प्रतिशत होगी, जबकि पांच और दस साल के बीच की जमा पर वार्षिक ब्याज दर 8.75 प्रतिशत होगी।