नोटबंदी के बाद लगातार घटती ब्याज दर के माहौल में वरिष्ठ नागरिकों को गारंटीड मोटा रिटर्न मिलेगा। आठ फीसदी का गारंटीड रिटर्न उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने वरिष्ठ पेंशन बीमा योजना 2017 को शुरू करने का फैसला किया है।
यह योजना वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के प्रयासों का एक हिस्सा है।
एलआईसी देगी वरिष्ठ नागरिकों को पॉलिसी
इसके तहत सरकारी जीवन बीमा कंपनी एलआईसी यह पॉलिसी लेने वालों को 10 वर्ष के लिए 8 फीसदी गारंटीड रिटर्न मुहैया कराएगी। सरकार की तरफ से यहां जारी एक बयान के मुताबिक इस योजना में भाग लेने वालों को 10 वर्ष के लिए 8 फीसदी गारंटीड रिटर्न के आधार पर एश्योर्ड पेंशन उपलब्ध कराया जाएगा।
पेंशन लेने के लिए होंगे 4 विकल्प
senior citizen
- फोटो : अमर उजाला
इसके तहत मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना पेंशन लेने का विकल्प होगा। यह योजना वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा मुहैया कराने के लिए है, ताकि बाजार में घटती ब्याज दर से उनका मासिक पेंशन प्रभावित नहीं हो।
8 फीसदी रिटर्न के लिए सरकार करेगी भरपाई
सरकार के मुताबिक इस योजना के तहत जमा राशि पर एलआईसी को मिलने वाले रिटर्न और 8 फीसदी एश्योर्ड रिटर्न के बीच जो अंतर होगा, उसकी भरपाई के लिए सरकार सालाना सब्सिडी देगी। यह योजना जिस तिथि से शुरू होगी, उससे एक साल की अवधि के लिए यह खुली रहेगी।
उल्लेखनीय है सरकार इससे पहले भी वरिष्ठ नागरिक पेंशन योजना ला चुकी है, जिसे एलआईसी ने ही लागू किया था। हालांकि पिछली योजना में ब्याज दर नौ फीसदी से भी ज्यादा थी।