सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंक पंजाब नेशनल बैंक ने अपने कर्ज सस्ते कर दिए हैं। बैंक ने अपने बेस रेट में 0.25 फीसदी कमी करने की घोषणा कर दी है। आरबीआई द्वारा रेपो रेट और सीआरआर में 0.25 फीसदी कमी करने के बाद बैंक ने यह कदम उठाया है। बैंक का बेस रेट नौ फरवरी 2013 से 10.50 फीसदी से घटकर 10.25 फीसदी हो जाएगा।
बैंक के इस कदम से फ्लोटिंग रेट पर कर्ज लेने वाले मौजूदा ग्राहकों की ईएमआई जहां कम हो जाएगी, वहीं नए ग्राहकों के लिए भी कर्ज सस्ता हो जाएगा। इसके पहले बुधवार को देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने भी अपने बेस रेट में 0.05 फीसदी की मामूली करने की घोषणा कर दी थी। स्टेट बैंक के अलावा आरबीआई द्वारा 29 जनवरी को पेश मौद्रिक नीति में प्रमुख दरों की ब्याज में कमी करने के बाद आईडीबीआई, एचडीएफसी बैंक ने (ऑटो लोन) भी अपने कर्ज सस्ते करने की घोषणा कर दी है।
ओबीसी ने जमा दरें 0.25 फीसदी तक बढ़ाई
ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स (ओबीसी) ने विभिन्न अवधि की घरेलू सावधि जमा पर ब्याज दरों में 0.25 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है। बैंक के मुताबिक, 1 करोड़ रुपये तक की सावधि जमा पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की गई है। यह बढ़ोतरी शुक्रवार से लागू होगी।