जुलाई का महीना आते ही सैलरी क्लास वालों के सामने आयकर रिटर्न (आईटीआर) फाइल करने की चुनौती आ खड़ी होती है। लोग आयकर रिटर्न विशेषज्ञों व सीए जैसे प्रोफेशनल्स को खोजने लगते हैं। लेकिन ‘एंजल पैसा’ नामक स्टार्ट अप ने इस चुनौती को आसान बनाने के लिए ‘हैलो टैक्स’ नामक ऐप लांच किया है।
इस ऐप की मदद से तीन-चार मिनटों में बिना किसी को अपनी जानकारी दिए आयकर रिटर्न दाखिल किया जा सकता है। यह ऐप एंड्रॉयड, विंडोज व एप्पल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए कोई भी स्मार्टफोन धारक अपने फोन पर हैलो टैक्स ऐप को डाउनलोड कर सकता है। डाउनलोड करने के बाद ऐप में जाकर उसे अपना फ्रेश रजिस्ट्रेशन करना होता है, जिसमें एक मिनट से भी कम का समय लगता है।
फिर आईटीआर में जाकर आवेदक को अपनी जानकारी देनी होती है और इस काम में तीन-चार मिनट का समय लगता है। इसके बाद आवेदक को इंटरनेट बैंकिंग के जरिए 125 रुपये देने होते हैं और आईटीआर का काम पूरा हो जाता है।
हैलो टैक्स ऐप को विकसित करने का काम तीन युवा उद्यमियों ने किया है और अब तक लगभग 15 हजार लोग इस ऐप के जरिए इस साल अपना आईटी रिटर्न भर चुके हैं। हैलो टैक्स के सह-संस्थापक व पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट, हिमांशु कुमार कहते हैं कि हमने नॉन प्रोफेशनल्स को ध्यान में रखते हुए इस ऐप को बनाया है।
उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से आईटीआर के दौरान आपकी निजी जानकारी किसी को नहीं मिलती है कि आपकी सैलरी कितनी है और आप कहां काम करते हैं। इस डिजिटल युग में आपकी निजी जानकारी को कहीं भी शेयर किया जा सकता है और उसका गलत इस्तेमाल भी हो सकता है।
ऐप के माध्यम से आईटीआर भरने से यह समस्या समाप्त हो जाती है। दूसरा फायदा यह है कि आपको आईटीआर दाखिल करने वाले किसी विशेषज्ञ के पीछे नहीं भागना पड़ता है और उसे दी जाने वाली फीस भी बच जाती है।