ऐसे जान सकते हैं अपना क्रेडिट स्कोर
आप अपना क्रेडिट स्कोर आसानी से जान सकते हैं। इसके लिए आपको केवल अपने पैन नंबर की सहायता लेनी होगी। क्रेडिट स्कोर प्रोवाइड कराने वाली कंपनी की वेबसाइट पर जाकर के अपना नाम, पैन नंबर, ई-मेल आईडी और फोन नंबर देना होगा। यह जानकारी देते ही आपके ई-मेल पर क्रेडिट रिपोर्ट आ जाएगी, जिससे आप आसानी से अपना स्कोर पता कर लेंगे।
आप पहले से अगर लोन या क्रेडिट कार्ड के बिल का समय से पेमेंट करते आ रहे हैं, तो सिबिल स्कोर अच्छा होता जाएगा। अगर इसमें अक्सर देरी होती जा रही है या आप जानबूझकर उसका पेमेंट नहीं कर रहे हैं तो सिबिल स्कोर गिरता चला जाएगा।
ऐसे तय होती है स्कोर के हिसाब से ब्याज दर
क्रेडिट इंफोर्मेशन ब्यूरो ऑफ इंडिया (सिबिल) द्वारा दिए गए स्कोर के हिसाब से लोन की ईएमआई तय होगी। मान लीजिए आपने किसी बैंक में होम लोन के लिए अप्लाई किया हुआ है और बैंक की ब्याज दर 8.35 फीसदी है तो अगर आपका स्कोर 760 अंक से ऊपर है तो 8.35 फीसदी की ब्याज दर पर आपको होम लोन मिलेगा।
725 से 759 अंक होने पर 8.85 फीसदी और 724 से नीचे के अंक पर 9.35 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से लोन देना होगा। अगर आप पहली बार लोन के लिए अप्लाई कर रहे हैं या किसी प्रकार का कोई क्रेडिट स्कोर नहीं है, तो बैंक आपसे 8.85 फीसदी की दर से ब्याज चार्ज करेगा।
लगातार चेक बाउंस होने पर भी घटता है सिबिल स्कोर
चेक जारी करने के बाद अकाउंट में बैलेंस न होने की वजह से चेक बाउंस होता है तो भी आपका सिबिल स्कोर खराब होता है। इस पर पुलिस केस भी हो सकता है, जिसमें आपको सजा और जुर्माना दोनों हो सकती है।