बैंक ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग सेवा के लिए कई सारे विकल्प दे रहे हैं। आप अपने बैंक खाते को मोबाइल नंबर से जोड़ सकते हैं। इसके तहत, बैंक आपको सात अंको वाला एमएमआईडी (मोबाइल मनी आईडेंटिफायर) नंबर और मोबाइल पिन (एम-पिन) देगा। एम-पिन पासवर्ड की तरह इस्तेमाल होगा। इसके जरिए आप अपनी पूंजी को दूसरे खाते में ट्रांसफर कर सकते हैं। जैसेकि अभी दूसरे खाते में राशि का ट्रांसफर नेट बैंकिंग या बैंक शाखा जाकर करते हैं।
इसके अलावा, बैंक अपने मोबाइल एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर भी देते हैं। जिसे आप बैंक को एसएमएस या बैंक जाकर अपने स्मार्टफोन पर डाउनलोड कर सकते हैं। भारतीय स्टेट बैंक का एप्लीकेशन एसबीआई फ्रीडम और आईसीआईसीआई बैंक का आई-मोबाइल नाम से है।
ऐसे ग्राहक जो नेट बैंकिंग का इस्तेमाल लैपटॉप या डेस्कटॉप आदि के जरिए करते हैं, बैंक उन्हें मोबाइल बैंकिंग के लिए खुद ही पंजीकृत कर लेते हैं। यानी, ग्राहक अपने स्मार्टफोन पर इंटरनेट के जरिए बैंकिंग सेवाएं प्राप्त कर सकता है। बैंक मौजूदा ग्राहकों को चुनिंदा एटीएम के जरिए भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा दे रहे हैं। इसके अलावा, ग्राहक बैंक की शाखा जाकर अपने पहचान पत्र के साथ मोबाइल बैंकिंग के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।