त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को बाजार तक लाने और उनका खर्च घटाने के लिए कंपनियों के अलावा बैंक भी कई तरह के ऑफर दे रहे हैं। एसबीआई, पीएनबी जैसे सरकारी बैंक के अलावा निजी क्षत्र के कई बड़े बैंक भी उपभोक्ताओं को कई तरह की सहूलियत उपलब्ध करा रहे हैं।
सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई ने त्योहारों पर अपने खाताधारकों को बिना पैसे के खरीदारी करने की पेशकश की है। बैंक ने डेबिट कार्ड ईएमआई सुविधा का ऑफर दिया है, जिसमें ग्राहक खरीदारी के समय कोई भुगतान नहीं करेगा और उसके डेबिट कार्ड पर अगले महीने से ईएमआई शुरू हो जाएगी। देश के 1,500 शहरों के 40 हजार से ज्यादा स्टोर पर एसबीआई डेबिट कार्ड पर यह सुविधा दी जा रही है। ईएमआई 6 महीने से 18 महीने के बीच करा सकते हैं। इस पर कोई प्रोसेसिंग फीस या ईएमआई चार्ज नहीं लिया जाएगा।
पंजाब नेशनल बैंक ने दुर्गा पूजा के मौके पर ग्राहकों के लिए 10 फीसदी कैशबैक की पेशकश की है। इसका भुगतान रूपे कार्ड से करना होगा और न्यूनतम 2,000 रुपये की खरीदारी करनी होगी। एक कार्ड पर एक बार ही ऑफर का लाभ उठा सकेंगे। ग्राहक 8 अक्तूबर तक बिग बाजार, फूड बाजार और फैशन बिग बाजार में इस ऑफर पर खरीदारी कर सकते हैं।
निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक ने त्योहारों पर कोना-कोना ख्वाब नाम से फेस्टिव लोन शुरू किया है। यहां ग्राहकों कों बिना प्रोसेसिंग फीस और फोरक्लोजर शुल्क (अवधि से पहले कर्ज का पूरा भुगतान) के कर्ज मिलेगा। बैंक ने ऑटो लोन के लिए बाय नाऊ पे लेटर स्कीम शुरू की है। इस पर अभी कर्ज लेने वालों की ईएमआई अगले साल जनवरी से शुरू होगी। महिलाओं को त्योहारों पर 0.25 फीसदी से 0.50 फीसदी तक ब्याज में अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
एचडीएफसी बैंक ने ग्राहकों को 77 रुपये रोज के भुगतान पर बाइक खरीदने का मौका दिया है। बैंक ने कहा है कि ड्रीम बाइक व्हील 77/दिन ऑफर में न तो आपको कोई डाउन पेमेंट करना है और न ही प्रोसेसिंग फीस लगेगी। लोन अप्रूव्ड होते ही पैसे कुछ ही देर में आपके खाते में आ जाएंगे। हीरो के बाइक व स्कूटर पर 2,000 की छूट भी मिलेगी। ऑफर का लाभ 31 अक्तूबर तक उठाया जा सकेगा। इसी तरह, एक्सिस बैंक ने मैगनस क्रेडिट कार्ड लांच किया है। बैँक का दावा है कि इसकी ईएमआई की ब्याज दर अन्य बैंकों से काफी कम है। बैंक कार्ड पर 4.50 करोड़ रुपये का एयर एक्सिडेंट कवर दे रहा है।