सहालग अभी दूर हैं। मार्च में अभी कोई शुभ तिथि नहीं है। लेकिन अप्रैल, मई के सहालग के लिए बाजार अभी से तैयार है। खासकर सराफा बाजार। विशेष आभूषणों की शृंखला आई हुई हैं।
कम खर्च में भारी दिखने वाले आभूषण हैं और यदि आप अधिक खर्च कर सकते हैं तो उसी डिजाइन में अधिक वजन के भी। फैशन में परंपरागत डिजाइन हैं। खासकर उदयपुर की। वैसे पद्मावत फिल्म की डिजाइनों को अभी भी पसंद किया जा रहा है। विवाह की हर रस्म के लिए आकर्षक ज्वेलरी है।
हर रीति-रिवाज के लिए विशेष
विवाह की हर रस्म और रीति-रिवाज के लिए विशेष आभूषण बाजार में हैं। चूड़ियां पहनने के समारोह, सगाई, हल्दी, मेहंदी से लेकर वरमाला तक के लिए अलग-अलग रेंज में आभूषण हैं। कीमत के अनुसार भारी और हल्के आभूषण का भी चुनाव कर सकते हैं।
उदयपुरी फैशन के गहने
- फोटो : अमर उजाला
पिघलती बर्फ के आभूषण
डायमंड ज्वेलरी को इसी वाक्य के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। इसमें डायमंड के विभिन्न आकार के टुकड़े एक लड़ी में लेकर आभूषण बनाए जा रहे हैं। कीमत दो लाख रुपये से शुरू हो रही है।
पद्मावत का क्रेज बरकरार
पद्मावत मूवी में दीपिका पादुकोण ने जिन डिजाइन के आभूषणों को पहना था, वे अब भी पसंद बने हुए हैं। भारी दिखने वाले इन डिजाइन के आभूषण शादी के लिए अधिक खरीदे जा रहे हैं। मांग टीका, हार, कंगन, अंगूठी तो ठीक उसी डिजाइन के पसंद किए जा रहे हैं। हालांकि युवाओं की पसंद परिवार से अलग है। वे डायमंड और सोने की हल्की ज्वेलरी पसंद कर रहे हैं।
परंपरागत डिजाइन पसंद
हाल में तनिष्क ने लोगों की पसंद का ध्यान रखने हुए नया कलेक्शन उतारा है। इसमें परंपरागत डिजाइन को प्राथमिकता दी गई है। लोग इनको ही पसंद कर रहे हैं। -अनुराग बंसल, आभूषण कारोबारी
भारी दिखने वाले आभूषण पसंद
ज्वेलरी मार्केट में इस समय शादी समारोह के लिए विशेष आभूषण आए हैं। लोग भारी दिखने वाले आभूषणों को तरजीह दे रहे हैं। ये पद्मावत मूवी में दिखाए गए आभूषणों की तरह से हैं। -राजेश हेमदेव, सराफ