आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाली एक के बाद एक घटनाओं ने शेयर बाजार में भूचाल ला दिया है। गुरुवार को शेयर बाजार के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट से उद्योग जगत सहम गया। सेंसेक्स के गोते में कनपुरियों के 30,000 करोड़ रुपये एक झटके में डूब गए।
इससे औद्योगिक और व्यापारिक शहर के 50,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। शहर की 40 से ज्यादा कंपनियों में पूंजी की 10,000 करोड़ की वैल्यू कम हुई है। शेयर बाजार में इतनी बड़ी गिरावट वर्ष 2008 में वैश्विक आर्थिक मंदी के समय भी नहीं आई थी। तब 2300 अंकों की ही गिरावट हुई थी।
गुरुवार दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स 2700 अंक तक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी में 738.60 अंक की गिरावट दर्ज की गई। कंपनी मामलों के जानकार बताते हैं कि शेयर बाजार के इस भूचाल ने देश भर की करीब 2200 कंपनियों को चपेट में लिया है। बड़ी से बड़ी कंपनी भी इस गिरावट से नहीं बच सकी। 1,100 से अधिक कंपनियों के शेयर एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। 500 कंपनियों के शेयरों में लोअर सर्किट लगा है।
15 दिन से झटके पर झटका
कोरोना वायरस के चलते पहले ही बीते 15 दिन से सेंसेक्स में उतार चढ़ाव बना है। इधर, यस बैंक में रिजर्व बैंक के प्रतिबंध के बाद शेयर बाजार की स्थिति और खराब हो गई है। कारोबारी सूत्र बताते हैं कि शहर से बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी हैं जो शौकिया तौर पर पांच हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की नियमित खरीद बिक्री करते हैं। इसके अलावा हजारों कारोबारियों का शेयर बाजार में करीब एक लाख करोड़ रुपये निवेश है। शेयरों के दाम गिरने से इनकी पूंजी को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है।
कानपुर की इन कंपनियों के शेयर गिरे
कानपुर की 40 से ज्यादा कंपनियां इस आर्थिक आपदा की चपेट में आई हैं। इन कंपनियों को कुल 10,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आर्थिक सुस्ती के दौर में कंपनियों के लिए यह बड़ा झटका है। शहर की प्रमुख 13 कंपनियों के शेयर में गिरावट से ही इनकी 3500 करोड़ रुपये की वैल्यू कम हुई है।
सबसे बड़ा झटका जेके सीमेंट को लगा है। मार्च के महज 12 दिनों में जेके सीमेंट के शेयरों की कीमत में 353 रुपये की कमी आई है। इसके बाद गणेश इकोस्फेयर लिमिटेड के शेयर में 138 रुपये व फ्रंटियर स्प्रिंग लिमिटेड के शेयर में 112 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है।
कंपनी 12 मार्च का रेट मार्च में अधिकतम गिरावट नुकसान
कानपुर प्लास्टिक लिमिटेड 43 66 23
एक प्रकाशन समूह 50 74 24
कोठारी प्रोडक्ट्स लिमिटेड 39.9 70 30.1
गणेश इकोस्फेयर लिमिटेड 252 390 138
मिर्जा इंटरनेशनल लिमिटेड 40.75 65 24.25
सुपरहाउस लिमिटेड 61.0 94 32.2
प्रीमियर पाइप्स लिमिटेड 8.2 8.2 0
टेस्टी डेयरी स्पेशियलिटी 17 12 9
एमा इंडिया लिमिटेड 3.66 3.66 0
यस पक्का लिमिटेड 25 41 16
सुपर टेनरी लिमिटेड 1.52 2.93 1.41
जेके सीमेंट लिमिटेड 1151 1504 353
फ्रंटियर स्प्रिंग लिमिटेड 267.55 380 112.45
जेके इंटरप्राइजेज लिमिटेड 2.78 4.27 1.49