दुनिया की सबसे बड़ी इस्लामिक फैशन कंपनी ईस्ट एसेंस जल्द ही इस्लाम के कुछ मॉडर्न डिजाइन के कपड़े पेश करने की तैयारी कर रही है। अगले महीने ही यह कंपनी भारत के बाजार में कदम रखेगी।
कंपनी अपनी इस योजना के तहत स्नैपडील पर स्टोर खोलने की तैयारी में है और साथ ही इंटरनेशनल मार्केट के लिए कंपनी भारत को ही मैन्युफैक्चरिंग हब भी बनाने की तैयारी में है।
इस कंपनी की शुरुआत 2007 में कैलिफोर्निया के सिलिकॉन वैली से हुई थी। कंपनी के को-फाउंडर सनी किलाम ने बताया कि वह काले या सफेद रंग के पारंपरिक पहनावे को कलरफुल बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि फैशनेबल ड्रेस बनाते समय मर्यादा और परंपरा का भी ध्यान रखा जाएगा।
68 देशों में फैला है कारोबार
इस कंपनी का कारोबार 68 देशों में फैला हुआ है, जिसकी सालाना सेल्स 40 मिलियन डॉलर (करीब 256 करोड़ रुपए) की है। स्नैपडील के वाइस प्रेसिडेंट अमित माहेश्वरी का कहना है कि कंपनी ने बहुत ही सावधानी से अपना टारगेट मार्केट चुना है और हम उनका समर्थन कर रहे हैं। इससे हमारे ग्राहकों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी होगी।
आपको बता दें कि भारत दुनिया भर में दूसरा सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश है। भारत में मुस्लिम आबादी पूरी दुनिया की मुस्लिम आबादी की 14.2 प्रतिशत है। ऐसे में करीब 17 करोड़ ग्राहक ऐसे हैं, जिनकी मांग अनऑर्गेनाइज्ड मार्केट के जरिए पूरी की जा रही है।
कश्मीर से है खानदानी नाता
इकोनॉमिक टाइम्स में छपी खबर के अनुसार किलाम का कश्मीर से खानदानी नाता है। उनके अनुसार ईस्ट एसेंसे कंपनी का कारोबार सिर्फ महिलाओं तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कंपनी की कुल सेल्स में पुरुषों के कपड़ों का भी करीब 20 प्रतिशत हिस्सा है।
आने वाले समय में कंपनी अन्य ई-कॉमर्स कंपनियों जैसे अमेजन से भी पार्टनरशिप करना चाहती है। साथ ही, कंपनी भारत के कुछ खास डिपार्टमेंटल स्टोर्स में भी अपने प्रोडक्ट बेचने की तैयारी में है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस्लामिक फैशन इंडस्ट्री की ओर अभी अधिक ध्यान नहीं दिया गया है, जिसके चलते इस क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं।