रिलायंस जियो 4जी डाउनलोड स्पीड के मामले में अन्य कंपनियों के मुकाबले लगातार 12वें महीने भी अव्वल रही। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के नवीनतम आंकडों केअनुसार दिसंबर 2018 में रिलायंस जियो की 4जी डाउनलोड स्पीड 18.7 मेगाबाईट प्रति सेकेंड (एमबीपीएस) रही जो अन्य दूरसंचार कंपनियों के मुकाबले काफी अधिक है।
वहीं, भारती एयरटेल का प्रदर्शन दिसंबर में सुधरा है। इस दौरान एयरटेल की डाउनलोड स्पीड 9.8 एमबीपीएस दर्ज की गई, जो नवंबर में 9.7 एमबीपीएस थी। इसके अलावा वोडाफोन व आइडिया सेल्यूलर ने इस वर्ष अपना कारोबार विलय किया है, जो अभी संयुक्त रूप से अपना संचालन कर रहे हैं। लेकिन ट्राई ने दोनों कंपनियों के नेटवर्क प्रदर्शन को अलग-अलग पेश किया है।
वोडाफोन के नेटवर्क पर 4जी डाउनलोड स्पीड दिसंबर में गिरकर 6.3 एमबीपीएस पर रही, जो नवंबर में 6.8 एमबीपीएस पर थी। वहीं, आइडिया के नेटवर्क में डाउनलोड स्पीड नवंबर के 6.2 एमबीपीएस से घटकर दिसंबर में 6 एमबीपीएस रही, जबकि 4जी अपलोड स्पीड के मामले में आइडिया सूची में शीर्ष स्थान पर रहा।