ई-कॉमर्स क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी जल्द ही बड़ा कदम उठा सकते हैं। अंबानी ऑनलाइन फर्नीचर बेचने वाली कंपनी अर्बन लैडर और मिल्क डिलीवरी प्लेटफॉर्म मिल्कबास्केट को खरीद सकते हैं।
पिछले कई महीनों से रिलायंस और अर्बन लैडर की बातचीत चल रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, अब यह बातचीत एडवांस स्टेज में पहुंच गई है। इस संदर्भ में सूत्रों ने कहा कि यह सौदा 300 लाख डॉलर के करीब हो सकता है।
मालूम हो कि मिल्कबास्केट में हाल ही में 50 लाख डॉलर का निवेश किया गया, जिससे कंपनी की वैल्यू बढ़ गई और अब वैल्युएशन के लिए कंपनी को मोलभाव करने का भी मौका मिलेगा। मौजूदा समय में मिल्कबास्केट 1.30 लाख घरों में सुविधाएं प्रदान करती है। यह सब्जी, डेरी, बेकरी और अन्य एफएमसीजी से जुड़े नौ हजार उत्पादों की डिलीवरी करती है। इस समय कंपनी गुरुग्राम, नोएडा, द्वारका, गाजियाबाद, हैदराबाद और बंगलूरू में सेवाएं दे रही है।
इतना ही नहीं, लॉकडाउन के दौरान कारोबार बढ़ने से मिल्कबास्केट के औसत वैल्यू ऑर्डर 2.2 से 2.5 गुना तक बढ़े हैं। इस दौरान कंपनी को रोजाना 500 से 1000 नए ग्राहक मिले हैं। साथ ही रिलायंस समूह ई-फार्मेसी स्टार्टअप नेटमेड्स और लिंगरी रिटेनर जिवामी को खरीदने को लेकर भी बातचीत कर रहा है। इसके अलावा फ्यूचर रिटेल में हिस्सेदारी को लेकर भी बातचीत चल रही है।
टिकटॉक के भारतीय कारोबार को भी रिलायंस इंडस्ट्रीज खरीद सकता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज टिकटॉक की पेरेंट कंपनी बाइटडांस के साथ भारतीय भारतीय कारोबार में हिस्सेदारी खरीदने पर विचार कर रही है। खबर है कि बातचीत फिलहाल शुरुआती स्तर पर ही है। खबर है कि टिकटॉक के सीईओ केविन मेयर ने रिलायंस के टॉप अधिकारियों से मुलाकात की है। इस मुलाकात में टिकटॉक के भारतीय बिजनेस को लेकर बातचीत हुई है, हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।