देश के दूर-दराज इलाकों में भी बैंकिंग चैनल को ढूंढने के लिए लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने एक जन धन दर्शक एप जारी किया है, जिसमें कोई व्यक्ति अपने आस-पास बैंक शाखा, बैंकिंग कॉरसपोंडेंट या बैंकों के एटीएम खोज सकेंगे।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय से बुधवार को यहां जारी एक बयान के मुताबिक इस एप को बैंकों के साथ वार्षिक समीक्षा बैठक के दौरान जारी किया गया। मंत्रालय के मुताबिक लोगों की सुविधा के लिए इस नए मोबाइल एप को बैंकिंग डिवीजन ने नेशनल इंफोर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) के साथ मिलकर विकसित किया है।
इस एप के जरिए बैंक के ग्राहक पूरे देश में कहीं भी बैंक की शाखा, डाकघर की शाखा या बैंकिंग कॉरसपोंडेंट या बैंक मित्र का पता देख सकेंगे। यही नहीं, उस पर उनके आस-पास के एटीएम की जानकारी भी होगी। इसके अलावा इसमें आईएफएससी कोड की भी जानकारी होगी। इस एप में फीडबैक भी दिया जा सकेगा। इसमें हिंदी और अंग्रेजी में जानकारी देखी जा सकेगी।
बैंकिंग सचिव राजीव कुमार का कहना है कि फाइनेंशियल इन्क्लूजन कार्यक्रम के तहत सरकार इस तरह का प्रयास कर रही है कि देश के किसी भी हिस्से में पांच किलोमीटर के दायरे में कोई न कोई बैंकिंग चैनल मिले।
यदि कहीं बैंक की शाखा नहीं है, तो वहां आसपास आपको बैंकिंग कॉरसपोंडेंट मिल जाएगा, यदि वहां बैंक का कोई करोसपोंडेंट नहीं है, तो वहां आपको एटीएम मिल जाएगा। मंत्रालय का कहना है कि इस एप को अद्यतन करने का काम भी चल रहा है। यदि इसके बारे में किसी को कुछ सुझाव देना हो तो उसका भी स्वागत होगा।