फ्लिपकार्ट, अमेजन और स्नैपडील जैसी ई-कॉमर्स कंपनियां इसी सप्ताह एक बार फिर से सेल का आयोजन करने वाली हैं। इस दौरान उपभोक्ता फैशन ब्रांड पर 90 फीसदी तक, मोबाइल फोन पर 40 फीसदी तक और घरेलू उपकरण और टेलीविजन पर 60 फीसदी तक की छूट पा सकते हैं।
अमेजन इंडिया अपना आगामी सेल 13 से 17 अक्तूबर के बीच ला रही है। इस दौरान आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट और डेबिट कार्ड से खरीदारी पर 10 फीसदी की इंस्टेंट छूट मिलेगी। कंपनी का कहना है कि सेल के दौरान स्मार्टफोन, टेलीविजन, घरेलू उपकरण और फैशन सभी पर काफी छूट मिलेगी।
घरेलू ई-कॉमर्स कंपनी स्नैपडील 11 से 13 अक्तूबर के बीच सेल का आयोजन करने वाली है। कंपनी बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड पर 10 फीसदी अतिरिक्त छूट देगी। इसके अलावा इसी बैंक के डेबिट कार्ड पर 20 फीसदी, रुपे डेबिट या क्रेडिट कार्ड पर 20 फीसदी, पंजाब नेशनल बैंक के डेबिट या क्रेडिट कार्ड पर 25 फीसदी, रत्नाकर बैंक लिमिटेड के डेबिट या क्रेडिट कार्ड पर 15 फीसदी और फेडरल बैंक के डेबिट कार्ड पर 15 फीसदी की छूट दे रही है।
स्नैपडील के प्रवक्ता का कहना है कि उनका फोकस छोटे शहर और गांवों पर है। वहां अधिकतर लोगों के पास रुपे का डेबिट कार्ड है, जो जनधन खाते के साथ निशुल्क मिलता है। इसलिए उनकी सुविधा को ध्यान में रखकर यह व्यवस्था की गई है।
अमेरिकी कंपनी वालमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट का अगला सेल 12 से 16 अक्तूबर के बीच आएगा। अमेजन से कड़ी प्रतिस्पर्धा करने वाली इस कंपनी के यहां भी उसी तरह के लुभावने ऑफर आ रहे हैं। हालांकि, कंपनी के प्रवक्ता ने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी देने से इंकार किया।
लेकिन एक अधिकारी का कहना है कि अमेजन के मुकाबले फ्लिपकार्ट अधिक छूट और ऑफर देगी। इस बार फ्लिपकार्ट ने एसबीआई के क्रेडिट और डेबिट कार्ड पर 10 फीसदी की इंस्टैंट छूट देने की घोषणा की है।