अनचाही कॉल से छुटकारा पाने के लिए अतिरिक्त एप रखने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि केंद्र सरकार ने डीएनडी 2.0 एप को उमंग एप के प्लेटफॉर्म पर शुरू कर दिया है। पहले ट्राई के इस एप को प्ले स्टोर के जरिये अपने फोन में डाउनलोड करके ही सेवाओं का लाभ लिया जा सकता था।
दूरसंचार नियामक के मुताबिक, लोगों को परेशानी से बचाने के लिए यह एप पिछले साल शुरू किया गया था। ग्राहकों की सहूलियतों के लिए ट्राई पहले भी माय स्पीड और माय कॉल जैसे एप शुरू कर चुका है।
उमंग में हैं कई सारे सरकारी प्लेटफॉर्म
सरकार ने डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने और एक से ज्यादा सरकारी सेवाओं को एक प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए पिछले साल जून में उमंग एप शुरू किया था। इसमें गैस बुकिंग, सरकारी अस्पताल में समय लेने और आधार जैसी 8 सुविधाओं से जुड़े एप जोड़े गए थे। बाद में इसमें कर्मचारी ईएसआई, भारत बिल पे सहित चार राज्यों की सेवाओं को जोड़ा गया।
सरकार का प्रयास है कि आने वाले समय में 100 से भी ज्यादा सेवाओं से जुड़े एप को इस एप के साथ जोड़ जाए, ताकि लोग 100 एप की जगह एक उमंग एप के जरिये ही सारे काम को अंजाम दे सकें। गौरतलब है वर्तमान में 50 लाख लोग उमंग एप डाउनलोड कर चुके हैं और इसमें ट्राई द्वारा तैयार किए गए एप भी शामिल हैं।