विमानन कंपनी जेट एयरवेज ने देश की चुनिंदा हवाई मार्गों पर न्यूनतम 899 रुपये में एकतरफा हवाई यात्रा का ऑफर लांच किया है। जेट की घोषणा के अनुसार सोमवार मध्यरात्रि से दो दिसंबर तक टिकट बुकिंग कराने वालों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
इस ऑफर के तहत बुकिंग की तारीख से 15 दिनों तक की यात्रा के लिए इकोनॉमी क्लास के हवाई टिकट बुक कराए जा सकेंगे। साथ ही इस किराए में सभी टैक्स भी शामिल होंगे। अगर यात्री अपनी यात्रा की तारीख में बदलाव करना चाहेंगे तो उन्हें इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। जेट एयरवेज के चीफ कमर्शियल ऑफिसर जयराज शनमुगम की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि एंड ऑफ ईयर सेल हमारा अपने मेहमानों को धन्यवाद कहने का तरीका है जिन्होंने हमें अपनी सेवा करने का मौका दिया।
इस सेल का समय हमारे मेहमानों के लिए बिल्कुल मुफीद है क्योंकि वो इससे नए साल का जश्न अपने दोस्तों और परिजनों के साथ मना सकेंगे। साथ ही वो अच्छी बचत भी कर सकेंगे। जेट एयरवेज अतुलनीय विश्वस्तरीय सेवा प्रदान करता है और विमान के अंदर भी हमारी मेहमाननवाजी सर्वोत्तम है।' जेट एयरवेज के अनुसार इस योजना के तहत यात्रियों को पहले आओ पहले पाओ के तहत टिकट दिया जाएगा।