कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अपने सभी खाताधारकों को पेंशन, भविष्य निधि और बीमा से जुड़े सभी भुगतान डिजिटल रूप से करेगा। श्रम मंत्रालय ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में संशोधन किया है, जिसके तहत यह नियम लागू किया जाएगा।
श्रम मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि ईपीएफओ फिलहाल भुगतान के विभिन्न माध्यमों जैसे मनी ऑर्डर, चेक या इलेक्ट्रॉनिक रूप से अपने खाताधारकों को भुगतान करता है। लेकिन अब सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल रूप से ही भुगतान किया जाएगा। हालांकि अब इस प्रकार के 98 फीसदी भुगतान डिजिटल रूप से ही किए जा रहे हैं, लेकिन हमारा उद्देश्य इसे 100 फीसदी करना है।