दुनिया में नाइटलाइफ के लिए मशहूर अमेरिका के लासवेगास शहर की तरह अब मुंबई भी बनने जा रहा है। मुंबई देश का पहला ऐसा शहर बनने जा रहा है जहां अब रात में दुकानें खुलने पर किसी तरह की कोई पाबंदी नहीं रहेगी। हफ्ते के सातों दिन और चौबीस घंटे मॉल, मल्टीप्लेक्स के अलावा किराना, टेलर और सुपरमार्केट खुले रहेंगे।
राज्य सरकार ला रही है कानून
मुंबई में चौबीस घंटे दुकानें खुली रखने के लिए राज्य सरकार जल्द ही विधानसभा में बिल पेश करने जा रही है। यह बिल मानसून सेशन में लाने की तैयारी सरकार ने की है। हालांकि केवल इस बात को लेकर के गतिरोध बना हुआ है कि क्या ये पूरे मुंबई में लागू होगा अथवा कुछ चुनिंदा जगहों पर। सरकार ने महाराष्ट्र शॉप एंड इस्टैबलिशमेंट एक्ट में संशोधन करने लोगों से विचार भी मांगे हैं।
कर्मचारियों को हफ्ते में देना होगा एक वीकली ऑफ
अगर विधानसभा में यह बिल पास हो जाता है तो फिर ऐसी दुकानों और मार्केट में काम करने वाले कर्मचारियों को हफ्ते में एक दिन का वीकली ऑफ देना होगा। महिलाओं को रात में काम करने की छूट मिलेगी, लेकिन इसके लिए उनकी सहमति और सुरक्षा पर ध्यान देना होगा।
ये दुकानें नहीं खुलेेंगी रात में
हालांकि सरकार ने साफ किया है कि बिल के पास हो जाने के बाद बीयर बार, वाइन शॉप, परमिट रुम, डिस्कोथिक और पब रात में नहीं खुलेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि इससे शहर की कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है।