कड़कड़ाती ठंड में सहालग की दस्तक से बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। सोना, चांदी, कपड़े, बर्तन आदि के बाजारों में कुछ दिनों से तेजी दिखाई दे रही है। ब्यूटीपार्लर में भी मेकअप कराने वालों की बुकिंग बढ़ने लगी है।
उपहार देने के लिए सोने और चांदी के नए डिजाइनों के आभूषण खरीदे जा रहे हैं। शादी वाले घरों में युवतियों को कोलकाता और जयपुर से डिजाइन किए लहंगे खूब भा रहे हैं। फरवरी के अंत तक शहर के अधिकतम मैरिज होम और फार्महाउस बुक हो चुके हैं।
सोने की चमक से दमक रहा बाजार
सोने और चांदी के आभूषणों के बाजार में अचानक रौनक बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को सोने और चांदी में आए उछाल के बाद भी विवाह समारोह की तैयारियां शुरू कर चुके परिवार डिजाइनदार आभूषणों की बुकिंग करा रहे हैं।
सराफा बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष नीतेश अग्रवाल का कहना है कि बाजार में चार-पांच दिन से तेजी दिखाई दी है। नीतेश का कहना है कि लगभग हर रोज बाजार में एक करोड़ से डेढ़ करोड़ का कारोबार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में बाजार में और तेजी आने की संभावना है।
खरीदारों को भा रही बर्तनों की खनक
काफी दिनों से सुस्त चल रहे बर्तनों के बाजारों में भी खूब खरीदारी हो रही है। छोटे बर्तनों से लेकर बड़े बर्तनों की बिक्री से दुकानदार भी काफी खुश दिख रहे हैं। बर्तन व्यवसायी राकेश जैन का कहना है कि उम्मीद से कहीं अधिक तेजी बाजार में दिखाई दे रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों में लगभग 30 प्रतिशत की बिक्री बढ़ी है। खरीदारों में अधिकतर वह परिवार आ रहे हैं, जिनके घर में शादी है। भात में देने और शादी में दरवाजे पर रखे जाने वाले बर्तन काफी बिक रहे हैं।
कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़
कपड़ों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ में अचानक तेजी आ गई है। एमजी रोड पर बने ब्रांडेड शो रूम से लेकर राजामंडी, सदर, नौलक्खा, हॉस्पिटल रोड पर कपड़ों की दुकानों पर लोग कपड़े पसंद करते दिख रहे हैं। कुनाल स्टाइल जोन के संचालक संजय डोगरा का कहना है कि शादियों का दौर शुरू होने से काफी समय बाद कपड़ा बाजार ने रफ्तार पकड़ी है। डोगरा ने बताया कि कोलकाता और जयपुर में बने लहंगे और युवकों को लुधिायाना की शेरवानी काफी रास आ रही है। बिक्री में 40 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है।
इलेक्ट्रॉनिक बाजार का भी मीटर दौड़ा
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में टीवी, फ्रिज, माइक्रोवेव, एयर कंडीशनर, वाशिंग मशीन आदि की बिक्री में लगभग दो माह बाद उछाल देखा जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक आइटमों की लगातार हो रही बुकिंग से व्यापारियों के चेहरे पर सुकून दिख रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक आइटमों का व्यापार करने वाले अमित अग्रवाल का कहना है कि काफी समय बाद सुस्त बाजार को तेज चाल मिली है। अधिकतर वही परिवार इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीद रहे हैं जिनके परिवारों में शादी है। सहालग ने बाजरा में नई जान फूंकने का काम किया है।