देश में पहली बार 59 स्टार्टअप्स के 100 संस्थापकों को आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में जगह दी गई है। उनकी कुल उनकी कुल मार्केट वैल्यू 5.06 लाख करोड़ रुपये रही है। इनमें से 65 संस्थापक 37 यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स के हैं। इस लिस्ट में भी गौतम अदाणी ने मुकेश अंबानी को पछाड़ दिया है और नंबर एक पर काबिज हो गए हैं।
आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शामिल नवधनाढ्यों की औसत उम्र 40 वर्ष है। हुरून इंडिया की रिच लिस्ट के अनुसार दस वर्ष पहले इस सूची में शामिल लाेगों में सबसे युवा उद्यमी 37 वर्ष के थे, पिछले वर्ष सबसे कम उम्र के उद्यमी 23 वर्ष के थे पर इस वर्ष सबसे कम उम्र के उद्यमी की आयु महज 19 वर्ष है।
हुरुन इंडिया के रहमान जुनैद ने इस लिस्ट के बारे में शेयर करते हुए लिखा है कि कुछ हाई प्रोफाइल स्टार्टअप्स के आईपीओ ने संस्थागत और खुदरा निवेशकों के बीच फैले मूल्यांकन को साकार कर दिया है। हमें विश्वास है कि स्टार्टअप्स का पैसे बनाना जारी रहेगा। हालांकि, खेल के नियम बदलते रहेंगे।
जेप्टो के कोफाउंडर केवल्य और आदित लिस्ट में जगह बनाने वाले सबसे युवा
फिजिक्सवाला के अलख पांडेय ने 4000 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ लिस्ट में पहली बार जगह बनाई है। बता दें कि उनका एडटेक स्टार्टअप हाल ही में यूनिकॉर्न स्टार्टअप बन गया है। जेप्टो के कोफाउंडर 19 वर्ष के कैवल्य वोहरा लिस्ट में जगह बनाने वाले देश के सबसे युवा और पहले टीनएजर हैं। आईआईएफएल हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022 के अनुसार वोहरा की नेट वर्थ 1,000 करोड़ रुपये है। वहीं उनके टीममेट और 20 वर्षीय आदित पालिचा की व्यक्तिगत संपत्ति 1200 करोड़ रुपये है। वोहरा और पालिचा दोनों स्टैनफोर्ड के छात्र थे, उन्होंने उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान पाठ्यक्रम को छोड़ने का फैसला किया। ये दोनों दोस्त बचपन में दुबई में पले-बढ़े थे। इन्होंने भारत में कोरोनोवायरस संकट के बीच तेजी से बढ़ते ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया।
इस बार के लिस्ट में देखने वाली बात यह है कि स्टार्टअप की दुनिया के पोस्टरब्वाइज सचिन बंसल और बिन्नी बंसल टॉप 200 लोगों की सूची से बाहर हो गए हैं। उनकी संपत्ति क्रमशः 8400 करोड़ रुपये और 8100 कारोड़ रुपये रह गई है।