आम आदमी, छोटे कारोबारियों को राहत देने के लिए जीएसटी काउंसिल की अगली बैठक शुक्रवार को नई दिल्ली में होगी। इस बैठक में जीएसटी दरों की स्लैब को घटाया जा सकता है और छोटे कारोबारियों को भी राहत मिल सकती है।
जीएसटी काउंसिल द्वारा बनाए गए ग्रुप ऑफ मिनिस्टर के अध्यक्ष और बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि छोटे कारोबारियों को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे।
पढ़ें- GST दरों के स्लैब में हो सकती है कटौती, वित्त मंत्री बोले- विकास चाहिए तो चुकानी होगी कीमत
पीएम मोदी ने दिया था दर घटाने का संकेत
बुधवार को विज्ञान भवन में इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है। यह सही है कि उसकी रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है और सरकार उसे गति देने के लिए बड़े फैसले करने को तैयार है। उन फैसलों से देश जल्दी ही विकास के नए मुकाम पर पहुंच जाएगा।
दूर करेंगे जीएसटी की दुश्वारियां
मोदी ने कहा कि जीएसटी पर अमल को तीन महीने हो गए हैं। सरकार इसके रास्ते में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए समीक्षा कर रही है। इसकी सभी दुश्वारियों को दूर करने के लिए हरसंभव बदलाव किए जाएंगे। उनकी सरकार में पहली बार ईमानदारी को प्रीमियम मिल रहा है।
इसलिए सभी व्यापारी निडर होकर काम करें। सरकार उनके गड़े मुर्दे नहीं उखाड़ेगी यानी कोई व्यापारी अगर अपने व्यवसाय को साफ-सुथरा करना चाहता है तो उसके पुराने रिकॉर्ड नहीं खंगाले जाएंगे।