दिल्ली-एनसीआर में अब तक की सबसे महंगी लैंड डील हुई है। विश्व की जानी-मानी फर्नीचर कंपनी आइकिया ने गुरुग्राम में 10 एकड़ की जमीन खरीदने के लिए 800 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। कंपनी इस जमीन पर अपना फर्नीचर का शोरूम खोलने जा रही है।
नीलामी में खरीदी इस पॉश इलाके में जमीन
आइकिया ने नीलामी के जरिए गुरुग्राम के सबसे महंगे और पॉश इलाके में शुमार सेक्टर 47 में इसे खरीदा है। नीलामी हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा की गई थी,जिसके बाद सबसे ज्यादा बोली आइकिया ने लगाई थी। इस डील से हुडा को 842 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है।
पढ़ें- हुडा का नाम बदला, विज बोले- HUDA और भूपेंद्र हुड्डा में कन्फ्यूज हो जाते थे लोग
रेडी टू असेंबल फर्नीचर बनाती है कंपनी
स्वीडिश फर्नीचर स्टोर आईकिया रेडी टू असेंबल फर्नीचर की डिजाइन बनाती है और अपने स्टोर के जरिए बेचती है। भारत में यह करीब 10,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। एफडीआई प्रस्ताव को विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) ने देश में इसे स्टोर खोलने की अनुमति दे दी थी।
आइकिया को एफआईपीबी ने रिटेल स्टोर के साथ कैफेटेरिया के ग्लोबल मॉडल की इजाजत दी है। कंपनी की योजना भारत में कुल 25 स्टोर खोलने की है जिसमें से 10 स्टोर अगले दस साल में खोले जाएंगे।