टेस्ला की वार्षिक बिक्री में 2020 में 36 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, कंपनी पांच लाख वाहनों की डिलीवरी के वार्षिक लक्ष्य से पीछे रह गई। कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि उसने 2020 में 499,500 वाहनों की डिलिवरी की। इनमें अक्तूबर से दिसंबर के दौरान 180,570 स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) और सेडान की डिलिवरी शामिल है। टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप शुरू होने से पहले 2020 में पांच लाख वाहनों की डिलिवरी का लक्ष्य रखा था।
चंद रोज ही टिका दुनिया के सबसे अमीर होने का ताज
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क पिछले हफ्ते गुरुवार को दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए थे। उन्होंने एमेजॉन के जेफ बेजॉस को पीछे छोड़ दिया था। एलन मस्क की नेटवर्थ बढ़कर 188 बिलियन यूएस डॉलर से अधिक हो गई, जो कि एमेजॉन के संस्थापक जेफ बेजॉस की नेटवर्थ 187 बिलियन यूएस डॉलर से एक बिलियन डॉलर ज्यादा है। ऐसा टेस्ला के शेयर प्राइस में निरंतर वृद्धि के चलते हुआ। हालांकि दुनिया के सबसे अमीर होने का ताज एलन मस्क के सिर पर कुछ ही दिन रहा। इसके बाद जेफ बेजॉस फिर से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए।