भारत में क्रिप्टोकरेंसी पर बैन की खबरों के बाद बाजार में भारी गिरावट आ चुकी है। वहीं, इंडस्ट्री के सूत्रों का कहना है कि बैन के डर से निवेशक लगातार क्रिप्टोकरेंसी बेच रहे हैं। फिलहाल, भारत में क्रिप्टोकरेंसी पर न तो कोई प्रतिबंध है और न ही किसी भी तरह का बैन। हालांकि, क्रिप्टोकरेंसी के लेन-देन आदि को लेकर दुनिया के अलग-अलग देशों में अलग-अलग नियम हैं। दुनिया के कई देशों में क्रिप्टोकरेंसी को कुछ प्रतिबंध के साथ इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित देशों की ओर से दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि क्रिप्टोकरेंसी की कैटिगरी को लेकर सरकारों और विनियमकों में मतभेद हैं। सरकार और विनियमक अब तक यह तय नहीं कर पाए हैं कि क्रिप्टो को करेंसी में रखा जाए या एसेट श्रेणी में। इसके अलावा इस पर नियंत्रण को लेकर भी राय स्पष्ट नहीं हो सकी है।