एक ओर रूस और यूक्रेन की बीच युद्ध बढ़ता जा रहा है और इसका असर शेयर बाजार से लेकर विभिन्न देशों की मुद्राओं पर पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर अनियमित और जोखिम भरे क्रिप्टो बाजार का कुछ और ही हाल है। मंगलवार का दिन क्रिप्टोकरेंसी निवेशकों के लिए मंगलकारी नजर आ रहा है। दुनिया की टॉप 10 डिजिटल करेंसी हरे निशान पर कारोबार कर रही हैं। इनमें से सबसे लोकप्रिय बिटक्वाइन का दाम जहां 14 फीसदी तक उछल गया, वहीं इथेरियम, बिनांस क्वाइन और टेरा समेत ज्यादातर क्रिप्टोकरेंसी में जबरदस्त उछाल आया है।
बिटक्वाइन के निवेशक मालामाल
रुस-यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद न केवल शेयर बाजार के निवेशकों, बल्कि क्रिप्टोकरेंसी बाजार में पैसा लगाने वालों के माथे पर भी चिंता की लकीरें बढ़ा दी थीं। लेकिन, मंगलवार को क्रिप्टो बाजार गुलजार नजर आया। दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी बिटक्वाइन का दाम 14 फीसदी तक बढ़ गया। खबर लिखे जाने तक बिटक्वाइन की कीमत 12 फीसदी से ज्यादा अथवा 3,73,370 रुपये की उछाल भरते हुए 34,35,674 रुपये पर पहुंच गई थी। इस कीमत पर बिटक्वाइन का बाजार पूंजीकरण भी बढ़कर 61.8 खरब रुपये पर आ गया था।
इथेरियम ने भी कराई कमाई
बिटक्वाइन के बाद दुनिया की दूसरी सबसे लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी इथेरियम में भी जोरदार तेजी देखने को मिली। मंगलवार को इथेरियम का दाम 10 फीसदी या करीब 20 हजार रुपये की तेजी के साथ 2,28,008 रुपये पर पहुंच गया। इस कीमत पर इथेरियम का बाजार पूंजीकरण भी बढ़कर 26.3 खरब रुपये हो गया है। टॉप 10 में शामिल दूसरी क्रिप्टोकरेंसी की अगर बात करें तो बिनांस क्वाइन के दाम में 11 फीसदी तेजी आई और यह बढ़कर 32,145 रुपये पर आ गई। इसके अलावा टेरा में 19 फीसदी की जबरदस्त उछाल दर्ज की गई और यह 6,930 रुपये पर आ गई।
इन डिजिटल करेंसी में भी तेजी
टॉप-10 में शामिल अन्य डिजिटल करेंसियों को देखें तो मंगलवार को टेथर क्वाइन को छोड़कर अन्य ज्यादातर करेंसी लाभ में थी। टेथर में 2.28 फीसदी की कमी आई है और इसका दाम टूटकर 78.2 रुपये पर आ गया है। इस गिरावट के बाद टेथर का बाजार पूंजीकरण भी कम होकर छह खरब रुपये पर आ गया है। इसे छोड़कर कार्डानो में 8 फीसदी से अधिक तेजी आई और इसका दाम 75.63 रुपये हो गया। पोल्काडॉट 8 फीसदी बढ़कर 1465 रुपये का हो गया। डॉजक्वाइन में 5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई और इसकी कीमत 10.38 रुपये हो गई। शीबा इनु क्वाइन में 7.66 फीसदी की बढ़त देखी गई और इसका दाम 0.002024 रुपये पर आ गया। वहीं लाइटक्वाइन की कीमत 6.54 फीसदी बढ़कर 8808 रुपये पर पहुंच गई।
हमले के पहले दिन आई थी गिरावट
रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले के पहले दिन दुनियाभर के बाजारों के साथ क्रिप्टो बाजार पर भी दिखा था। रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के एलान के बाद गुरुवार क्रिप्टोबाजार भी धराशायी हो गया था। बिटकॉइन और शीबा इनू में 10 प्रतिशत, डॉजक्वाइन ने 12 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी। इसके अलावा सोलाना, एक्सआरपी, टेरा, एवालांचे, स्टेलर, कार्डानो, पॉलीगॉन, पोलकाडॉट की कीमतों में भी उस दिन 8 से 15 फीसदी की कमी आई थी।