फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वॉलमार्ट इंडिया करने जा रही है छंटनी, खतरे में दर्जनों लोगों की नौकरी

Mon, 13 Jan 2020 11:17 AM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

वॉलमार्ट इंडिया अपने स्टोर्स के बिजनस से जुड़े शीर्ष अधिकारियों (सीनियर एग्जिक्यूटिव) में से एक तिहाई अधिकारियों को हटाने जा रही है। गुरुग्राम स्थित कंपनी के मुख्यालय से छंटनी की जाएगी। वॉलमार्ट ने साल 2018 में देश की टॉप ई-कॉमर्स कंपनियों में शुमार फ्लिपकार्ट को खरीदा था। 

दर्जनों अधिकारियों की होगी छंटनी 

कंपनी को भारत में कैश-एंड-कैरी बिजनस में भविष्य नजर नहीं आ रहा है। वॉलमार्ट ने एग्री बिजनस और एफएमसीजी डिविजन से उपाध्यक्ष सहित कई सीनियर एग्जिक्यूटिव्स की छंटनी  के बारे में जानकारी दी है। 

ये है कंपनी की योजना

इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के अनुसार, वॉलमार्ट की योजना मुंबई में फुलफिलमेंट सेंटर बंद करने की भी है, जो देश में कंपनी का सबसे बड़ा वेयरहाउस है। साथ ही कंपनी देश में नए स्टोर भी नहीं खोलेगी। कंपनी यह कदम इसलिए उठा रही है क्योंकि भारत में कंपनी को मुनाफा नहीं हुआ है। भारत में वॉलमार्ट को कारोबार शुरू किए हुए करीब 10 साल हो गए हैं, लेकिन कंपनी की ग्रोथ धीमी है।

वॉलमार्ट के प्रवक्ता ने दिया बयान

हालांकि नए स्टोर नहीं खोलने पर कंपनी ने कोई टिप्पणी नहीं की है। कंपनी के वॉलमार्ट के प्रवक्ता ने कहा है कि, 'हम हमेशा अधिक कुशलता से कामकाज करने के तरीके खोजते हैं। इसमें कॉर्पोरेट स्ट्रक्चर की समीक्षा करने की जरूरत होती है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि हम अपने ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए सही रास्ते पर हैं।'

इतना रहा घाटा

पिछले वित्त वर्ष में वॉलमार्ट इंडिया की बिक्री 4,095 करोड़ रुपये हुई थी और नेट घाटा 171.6 करोड़ रुपये था। बता दें कि वॉलमार्ट इंडिया के बेस्ट प्राइस स्टोर्स का मार्च 2019 तक घाटा 2,180.8 करोड़ रुपये था।

वॉलमार्ट इंडिया के अध्यक्ष ने दिया बयान

वॉलमार्ट इंडिया के अध्यक्ष व सीईओ कृष अय्यर ने कहा, देशभर में चल रहे 28 स्टोर के संचालन को और किफायती बनाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। हमने अपनी प्रबंधकीय समीक्षा में पाया है कि कॉर्पोरेट कार्यालयों में तैनात 56 एसोसिएट्स के पद खत्म किए जा सकते हैं। इसमें से 48 कार्यकारी पद मध्य स्तर पर या प्रबंधन के निचले स्तर के हैं। ये अधिकारी गुरुग्राम स्थित कंपनी के मुख्यालय में तैनात हैं। हालांकि, उन्होंने अप्रैल में एक और छंटनी के कयासों पर विराम लगाते हुए कहा, हम बी2बी कैश एंड कैरी कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कंपनी ने छह थोक स्टोर भी खोले हैं, जिसमें एक फुलफिल सेंटर शामिल है और कंपनी की बिक्री में 2019 में 22 फीसदी इजाफा हुआ है। हमें हाल में कई नए निवेशक भी मिले हैं। कंपनी ने जुलाई, 2014 में लखनऊ व हैदराबाद से बी2बी ई-कॉमर्स कारोबार की शुरुआत की थी और बाद में देशभर में स्टोर की संख्या बढ़ाई। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें