आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अपर मुख्य सचिव संजीव सरन ने शीओमी के प्रतिनिधियों को ग्रेटर नोएडा के इकोटेक 10 में 170 एकड़ भूमि दिखाई है, जहां कंपनी अपना प्लांट लगा सकती है। सरन ने कहा कि आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स नीति में दी गई रियायतों से निवेशक आकर्षित हो रहे हैं। इन्वेस्टर्स समिट के बाद वीवो, हायर और शीओमी ने 23 हजार करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। हमारा प्रयास है सभी निवेश जल्द धरातल पर उतरेंगे।
वीवो यमुना एक्सप्रेसवे पर बनाएगी प्लांट
चीन की मोबाइल कंपनी वीवो अभी डब्ल्यूटीसी कंपाउंड नोएडा से मोबाइल बना रही है। अब वीवो ने युमना एक्सप्रेस-वे पर 200 एकड़ क्षेत्र में मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसमें कंपनी 5000 हजार करोड़ का निवेश करना चाहती है।
हायर करेगी 3 हजार करोड़ का निवेश
इसी तरह उपभोक्ता उत्पाद निर्माता कंपनी हायर ने भी यूपी में 3000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी एलईडी, फ्रिज, एसी सहित अन्य घरेलू उपकरणों का निर्माण शुरू करना चाहती है। हायर ने भी सरकार से ग्रेटर नोएडा में जमीन की मांग की है। हायर के अधिकारियों ने 24 अप्रैल को संजीव सरन से मुलाकात कर प्रजेंटेशन दिया था और 5000 से ज्यादा लोगों को रोजगार देने का भरोसा दिलाया है।