एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा संचालित कंपनी नेटवर्क 18 मीडिया एंड इंवेस्टमेंट कंपनी को टाइम्स समूह खरीद सकता है। नेटवर्क 18 कंपनी सीएनएन न्यूज 18, सीएनबीसी टीवी 18 और न्यूज 18 इंडिया जैसे चैनलों व इनकी वेबसाइट्स का संचालन करती है। हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस तरह की किसी भी बात का खंडन किया है।
वहीं समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रवक्ता ने इस खबर को महज अफवाह बताया है। प्रवक्ता ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। रिलायंस अपने मीडिया बिजनेस को टाइम्स समूह को नहीं बेच रहा है।
नेटवर्क 18 को मार्च में समाप्त हुए वित्त वर्ष में 178 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। वहीं अभी इस कंपनी की कुल देनदारी 2800 करोड़ रुपये है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस कंपनी को 2014 में खरीदा था। यह कंपनी 56 चैनलों के अलावा फर्स्टपोस्ट और क्रिकेटनेक्सट जैसी वेबसाइटों का संचालन भी करती है।
जापान की कंपनी सोनी जल्द ही मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज की मीडिया फर्म नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट्स के मनोरंजक चैनलों में हिस्सेदारी खरीद सकती है। इसके लिए सोनी विकल्पों पर विचार कर रही है। इन विकल्पों में सोनी के भारतीय कारोबार को नेटवर्क18 में विलय करने का प्रस्ताव भी शामिल है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, सोनी द्वारा नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट्स में हिस्सेदारी खरीदने की योजना के लिए दोनों कंपनियों की बातचीत चल रही है, जो अभी शुरुआती चरण में है। इसलिए जल्द ही कोई डील साइन हो सकती है।
इस डील के होने से सोनी को भारत में अपना आधार मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही कंपनी को नेटफ्लिक्स जैसी प्रतिद्वंदी कंपनियों की तुलना में बढ़त मिलेगी। बता दें कि अंबानी की रिलायंस जियो ने बीते वर्षों में नेटवर्क विस्तार पर करीब 50 अरब डॉलर खर्च किए हैं।
दक्षिण एशियाई देशों में जापानी कंपनी सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के जरिए ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करती है। भारत में इसकी पहुंच 70 करोड़ दर्शकों तक है। वहीं टीवी18 ब्रॉडकास्ट की बात करें, तो इसके पास टीवी18 ब्रॉडकास्ट के पास न्यूज और एंटरटेनमेंट के 56 चैनल हैं, जो अन्य देशों में रह रहे भारतीयों के लिए 16 अंतरराष्ट्रीय चैनल्स के जरिए सेवाएं देती है।