देश के सबसे बड़े औद्योगिक घरानों में से एक टाटा संस अपनी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (टीसीएस) के करीब 1.25 बिलियन शेयर बेचने जा रहा है। इस तरह से कंपनी करीब 8200 करोड़ रुपये जुटाएगी, जिसके जरिए समूह टाटा टेलिसर्विसेज का कर्जा चुकाने के काम आएगा।
5 फीसदी टूटा शेयर
इस खबर के बाद मंगलवार को टीसीएस के शेयर में करीब 5 फीसदी की गिरावट आ गई। TCS का शेयर करीब 2900 रुपए के भाव पर पहुंच गया। सूत्रों ने बताया कि टाटा संस टीसीएस के 2.83 करोड़ शेयर यानी करीब 1.48 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रही है। यह सौदा इसी सप्ताह होने का अनुमान है।
हालांकि टाटा संस ने संपर्क किये जाने पर इस बाबत टिप्पणी से इंकार कर दिया। इस सौदे के बाद टीसीएस में टाटा संस की हिस्सेदारी कम होकर करीब 72 प्रतिशत पर आ जाएगी।
Accenture के करीब पहुंची टीसीएस
टीसीएस करीब 90 अरब डॉलर के बाजार पूंजीकरण के साथ एक्सेंचर के करीब पहुंच रही है जिसका बाजार पूंजीकरण करीब 100 अरब डॉलर है। जेपी मॉर्गन की रिपोर्ट में कहा गया है कि निवेशक समुदाय ने अब टीसीएस की इस रुढि़वादिता और संस्कृति चेतना को स्वीकार कर लिया है।
टीसीएस ने 2013 में फ्रांस की अल्टी के अधिग्रहण के बाद कोई सौदा नहीं किया है। जबकि एचसीएल, विप्रो और टेक महिंद्रा जैसी भारतीय प्रतिस्पर्धियों ने बाद के वर्षों में भी अधिग्रहण के मोर्चे पर सक्रियता दिखाई।