निजी विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने अपने पायलटों को बुधवार को सूचना दी कि अप्रैल और मई के लिए उन्हें कोई वेतन नहीं मिलेगा। वहीं मालवाहक विमानों का परिचालन कर रहे पायलटों को उड़ान के घंटों के आधार पर भुगतान किया जाएगा।
विमान परिचालन अधिकारी ने दी जानकारी
इस संदर्भ में कंपनी के मुख्य विमान परिचालन अधिकारी गुरचरण अरोड़ा ने पायलटों को ईमेल करके यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि मौजूदा वक्त में हमारे 16 फीसदी विमान और 20 फीसदी पायलट ही उड़ान भर रहे हैं।
स्पाइसजेट के बेड़े में 116 यात्री विमान
उन्होंने कहा कि, 'हम अपने पांच मालवाहक विमानों और यात्री विमानों से माल ढुलाई (कारगो ऑन सीट) करके यह उड़ानें भर रहे हैं।' स्पाइसजेट के बेड़े में 116 यात्री विमान और पांच मालवाहक विमान शामिल हैं।
उड़ान के घंटों के हिसाब से मिलेगा वेतन
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देशभर में 25 मार्च से लॉकडाउन है। इसके चलते सभी वाणिज्यिक यात्री विमानों के परिचालन पर रोक है। अरोड़ा ने कहा कि, 'हमें (पायलटों को) अप्रैल-मई 2020 के लिए कोई वेतन नहीं मिलेगा। जो पायलट मालवाहक विमानों की उड़ान भर रहे हैं, उन्हें उड़ान के घंटों के हिसाब से वेतन मिलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले हफ्तों में हम अपने विमानों का परिचालन 50 फीसदी तक (मालवाहक और यात्री विमानों से मालवहन) और उड़ान भरने वाले पायलटों की संख्या 100 फीसदी तक करेंगे।