रिलायंस इंडस्ट्रीज, वायकॉम 18 मीडिया और वॉल्ट डिज्नी कंपनी ने गुरुवार को बताया कि एनसीएलटी मुंबई, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग और अन्य विनियामक प्राधिकरणों की ओर से अनुमोदन मिलने के बाद, वायकॉम 18 के मीडिया और जियोसिनेमा व्यवसायों का स्टार इंडिया में विलय प्रभावी हो गया। इसके अलावा, आरआईएल ने विलय के बाद संयुक्त उद्यम में 11,500 करोड़ रुपये (1.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर) का निवेश भी किया। संयुक्त उद्यम ने वायकॉम 18 और रिलायंस (आरआईएल) को क्रमशः परिसंपत्तियों और नकदी के बदले शेयर आवंटित किए हैं।
इस लेनदेन में संयुक्त उद्यम का मूल्य 70,352 करोड़ रुपये (8.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर) आंका गया है। ऊपर बताए गए लेनदेन के बाद संयुक्त उद्यम पर आरआईएल का नियंत्रण रहेगा और इसमें आरआईएल का 16.34%, वायकॉम18 का 46.82% और डिज्नी का 36.84% स्वामित्व होगा।
नीता मुकेश अंबानी संयुक्त उद्यम की अध्यक्ष होंगी, जबकि उदय शंकर उपाध्यक्ष होंगे, जो संयुक्त उद्यम को रणनीतिक मार्गदर्शन देंगे। वहीं, केविन वाज , किरण मणि, संजोग गुप्ता नए स्टार इंडिया का सह-नेतृत्व करेंगे। संयुक्त उद्यम भारत में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सबसे प्रतिष्ठित और आकर्षक मीडिया ब्रांड्स का संचालन करेगा। टेलीविजन की बात करें तो 'स्टार' और 'कलर्स' और डिजिटल मोर्चे पर 'जियोसिनेमा' और 'हॉटस्टार' का एकीकरण भारत और दुनिया भर में दर्शकों को मनोरंजन और खेल से जुड़ी सामग्री का व्यापक विकल्प प्रदान करेगा। संयुक्त उद्यम बनने से उपभोक्ताओं के लिए भारत के मनोरंजन उद्योग में एक नए युग की शुरुआत होगी। रिलायंस और डिज्नी का यह अनूठा संयुक्त उद्यम कंपनियों की कंटेंट क्रिएशन और क्यूरेशन क्षमता, विश्व स्तरीय डिजिटल स्ट्रीमिंग क्षमताओं के साथ-साथ डिजिटल फर्स्ट दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह दृष्टिकोण संयुक्त उद्यम को भारतीय दर्शकों और वैश्विक स्तर पर भारतीय प्रवासियों को सस्ती कीमतों पर बेजोड़ कंटेंट मुहैया कराने का विकल्प देगा।