जापान में कार कंपनी सुज़ुकी के मुख्यालय पर छापा मारा गया है। सुज़ुकी पर गाड़ियों की माइलेज क्षमता जांचने के लिए गलत प्रणाली के इस्तेमाल के आरोप लगे हैं जिसकी जांच की जा रही है। पिछले महीने सुज़ुकी कंपनी ने कहा था कि ईंधन उत्सर्जन में कुछ गड़बड़ियां पाई गई हैं लेकिन कंपनी ने ग्राहकों को धोखा देने से इनकार किया था।
अधिकारियों ने बताया कि कंपनी के इन दावों को पुख्ता करने वाले दस्तावेज ढूंढ़ने के लिए ये छापे मारे हैं। सुज़ुकी के अनुसार इस मामले का जापान से बाहर बेचे जाने वाले उत्पादों से कोई लेना देना नहीं हैं। पिछले हफ्ते कंपनी ने कहा था कि वह कर्मचारियों की कमी और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश न होने की वजह से जापनी मानकों के अनुसार परीक्षण नहीं कर पाई है।
सुज़ुकी, टोयोटा, निस्सान और होंडा के बाद जापान की चौथी बड़ी कार कंपनी हैं। इससे पहले जापान के परिवहन मंत्रालय ने मिस्तूबिशी मोटर्स के दफ्तर पर भी ऐसे ही आरोपों के सिलसिले में छापे मारे गए थे। पिछले साल जर्मन कंपनी फोक्सवैगन ने अमेरिका में डीजल गाड़ियों में उत्सर्जन परीक्षण में हेराफेरी करने की बात मानी थी।