प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के लिए सरकार कई कदम उठाती आई है। इसी दिशा में अब पेप्सिको की एक्वाफिना बड़ा कदम उठा सकती है, जिससे हजारों टन कच्चा प्लास्टिक खत्म होने की संभावना है।
अगले साल से कैन में मिल सकता है पानी
पेप्सिको ने गुरुवार को कहा कि वह अगले साल से कैन में पानी बेचना शुरू कर सकती है। कैन में पानी स्टेडियम और होटल जैसे भागीदारों के लिए पेश किया जाएगा। इतना ही नहीं, कंपनी कुछ रिटेल स्टोर्स पर रीपैकेज किए गए उत्पाद को भी आजमाएगी।
यूएस में पानी बेचने वाला सबसे बड़ा ब्रांड है एक्वाफिना
अगर नई पैकेजिंग सफल रहती है, तो यह किसी भी कंपनी द्वारा प्लास्टिक खत्म करने के लिए एक बड़ा कदम माना जाएगा। यूएस में एक्वाफिना कोका-कोला की दासानी कंपनी के साथ पानी बेचने वाला सबसे बड़ा ब्रांड है।
इसलिए बोतल के मुकाबले ज्यादा फायदेमंद होता है कैन
इसकी खास बात यह है कि एल्युमीनियम के कैन में प्लास्टिक की बोतलों की तुलना में दोबारा प्रयोग करने वाली सामग्री अधिक होती है और उपभोक्ताओं द्वारा उन्हें रिसाइकल करने की संभावना भी अधिक होती है। इसके साथ ही इनके समुद्र में तैरने की संभावना भी कम है।
समाप्त होगा 8,000 मेट्रिक टन से अधिक का कच्चा प्लास्टिक
न्यूयॉर्क स्थित कंपनी पर्चेज के अनुसार, अगर पेप्सिको द्वारा यह कदम उठाया जाता है, तो इससे 8,000 मेट्रिक टन से अधिक का कच्चा प्लास्टिक समाप्त हो जाएगा।