कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जंग में अब लोग तेजी से शामिल होते जा रहे हैं। इस कड़ी में कई सितारे और उद्योगपति भी लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए सरकार ने पूरे देशभर में लॉकडाउन कर दिया है। ऐसे में बंदी का असर कार ड्राइवरों पर भी देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में ओला ड्राइवरों के सामने अचानक से पैदा हुई इस परेशानी को देखते हुए भाविश अग्रवाल ने एक बड़ी पहल की है। दरअसल ओला के को-फाउंडर और सीईओ भाविश अग्रवाल अपनी अगले साल की पूरी सैलरी कंपनी के ड्राइवरों के लिए दान करेंगे। इसकी घोषणा भाविश अग्रवाल ने शनिवार को की है।
भाविश अग्रवाल ने कहा, 'लाखों ड्राइवर और उनके परिवार इस समय बिना आमदनी के हैं। इन परिवारों को समर्थन करने के लिए हमने ‘ड्राइव द ड्राइवर’ फंड बनाया है। मैं इस फंड में अपनी अगले साल की सैलरी दान कर रहा हूं। इस फंड में मेरी सैलरी के साथ ओला के कर्मचारी भी सहयोग कर रहे हैं, जिसके चलते हम इस फंड में 20 करोड़ रुपये का दान कर रहे हैं।"
मदद के लिए सामने आए ये दिग्गज
अनिल अग्रवाल
कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने 100 करोड़ रुपये के दान की घोषणा की है।
मुकेश अंबानी
मुकेश अंबानी की रिलायंस फाउंडेशन ने 1 लाख से अधिक लोगों को खाना खिलाने की घोषणा की है।
आनंद महिन्द्रा
महिंद्र ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिन्द्रा अपनी एक महीने की पूरी सैलरी दान करेंगे। ऐसा वो आने वाले कुछ और महीनों में कर सकते हैं।
मनीष मुंद्रा
70 वेंटिलेटर बनाने के लिए फिल्म मेकर मनीष मुंद्रा ने 3 करोड़ रुपये दान देने की घोषणा की है।
विजय शेखर शर्मा
विजय शेखर शर्मा ने अपने असोसिएट्स को कोरोना से जुड़े फंड में योगदान के लिए सहयोग मांगा है। शेखर इसके लिए खुद अपनी 100 फीसदी सैलरी दान करेंगे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि Paytm इस फंड में पांच करोड़ रुपये दान करेगी।