विश्व की दिग्गज ऑटो कंपनी निसान के पूर्व सीईओ कार्लोस घोसन को सात करोड़ रुपये जुर्माने के तौर पर जमा करने होंगे। अमेरिका के सिक्योरिटिज एंड एक्सचेंज कमीशन ने घोसन पर वेतन और भत्तों के बारे में जानकारी छुपाने को लेकर के यह जुर्माना लगाया है।
घोसन को पिछले साल से लेकर के अभी तक चार बार गिरफ्तार किया जा चुका है। सबसे पहले टोक्यो में गिरफ्तार होने के बाद मार्च में उनको रिहा किया गया था। एसईसी से सेटलमेंट के बाद घोसन के वकीलों ने कहा कि वे अब जापान में आपराधिक केस लड़ने पर फोकस कर पाएंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि निष्पक्ष सुनवाई हुई तो घोसन दोषमुक्त साबित होंगे।
निसान मोटर्स के पूर्व प्रमुख कार्लोस घोसन के मुकदमा की सुनवाई अगले साल तक टल सकती है। उन पर कंपनी में वित्तीय गड़बड़ी करने, अपनी आय को कम दिखाने और निसान के कोष का निजी इस्तेमाल करने समेत चार मुख्य आरोपों को लेकर मुकदमा चलाया जाना है।
खबरों में अनाम सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि टोक्यो जिला अदालत ने मुकदमे चलाए जाने से पहले दोनों पक्षों के वकीलों के साथ बैठक में सुनवाई की शुरुआत सितंबर में करने की संभावना जताई थी।क्योडो न्यूज की खबर के मुताबिक अदालत ने शुक्रवार को दोनों वकीलों को सूचित किया कि वह इस सुनवाई को शुरू करने के लिए नया समय तय करेगी। इससे संकेत मिलता है कि यह सुनवाई इस साल शुरू नहीं होगी।