अस्थाई तौर पर बंद हो चुकी जेट एयरवेज के कर्मचारियों की दिक्कत जल्द खत्म हो सकती है। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार नकदी संकट से जूझ रही विमानन कंपनी जेट एयरवेज 15 कंपनियों से बात कर रही है कि उसके कर्मचारियों को नौकरी दी जाए।
हाल ही में जेट एयरवेज के तीन अधिकारियों ने कंपनी से इस्तीफा भी दे दिया था। बंद हो चुकी जेट एयरवेज के करीब 20,000 कर्मचारियों को आज कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन कर्मचारियों को जनवरी माह से ही वेतन नहीं मिला है। ऐसा इसलिए क्योंकि कंपनी के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए भी पैसे नहीं थे।
रिपोर्ट के अनुसार जेट के एक वरिष्ठ अधिकारी राहुल तनेजा अपनी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से और ई-कॉमर्स कंपनियों से अपने कर्मचारियों को नौकरी देने के लिए बात कर रहे हैं। तनेजा ने विस्तारा एयरलाइंस, स्पाइसजेट और अमेजन कंपनी से बात की है।