प्रमुख आईटी कंपनी इंफोसिस के शेयरों में मंगलवार को लगभग चार फीसदी की गिरावट आई है। कंपनी ने कोरोना वायरस महामारी का हवाला देते हुए वित्त वर्ष 2020-21 के लिए अपना राजस्व दृष्टिकोण देने से परहेज किया। माना जा रहा है कि महामारी के कारण निकट भविष्य में उसका कारोबार प्रभावित हो सकता है।
इसके चलते कंपनी के शेयर बीएसई में 3.85 फीसदी गिरकर 627.70 रुपये पर आ गया। एनएसई पर भाव 3.90 प्रतिशत घटकर 627.80 रुपये था।
16,639 करोड़ रुपये रहा शुद्ध लाभ
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2019-20 में कंपनी का शुद्ध लाभ 16,639 करोड़ रुपये रहा, जो कि करीब 8 फीसदी है। इसी तरह राजस्व में भी 9.8 की बढ़ोतरी हुई और वह 90,791 करोड़ रुपये रहा।
कोरोना वायरस संकट के चलते कारोबारी अनिश्चिताओं को देखते हुए कंपनी ने वित्त वर्ष 2020-21 की आय की संभावनाओं के बारे में कोई अनुमान जारी नहीं किया है।
शेयर बाजार को दी जानकारी में कंपनी ने कहा कि उसने परिणामों की गणना अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रतिवेदन मानक (आईएफआरएस) लेखा नियमों के आधार पर की है।
समीक्षावधि में कंपनी की आय आठ फीसदी बढ़कर 23,267 करोड़ रुपये रही। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी की आय 21,539 करोड़ रुपये थी।
नहीं बताया आय का अनुमान
कंपनी ने कहा, 'कोरोना वायरस संकट के बीच कारोबारी अनिश्चिताओं को देखते हुए अभी हम 2020-21 के लिए कोई आय का अनुमान नहीं बता सकते हैं। कंपनी स्थितियां बेहतर होने के बाद इस बारे में जानकारी देगी।' इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक सलिल पारेख ने कहा कि कंपनी ने अपने कुल कामकाज के 93 फीसदी काम का स्तर सोमवार को कर्मचारियों के घर पर कार्य करने से प्राप्त कर लिया। कंपनी बदलती परिस्थितियों के बीच भी ग्रहकों को तेजी से आपूर्ति कर रही है।