भारत की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस के नए सीईओ सलिल सतीश पारेख को कुल 16.25 करोड़ रुपये तक सैलरी मिलेगी। पीटीआई के मुताबिक कंपनी पारेख को वेतन के तौर पर 6.5 करोड़ रुपये की निश्चित रकम देगी और वित्त वर्ष 2018-19 के आखिर में 9.75 करोड़ रुपये वेरियेबल सैलरी के रूप में देगी।
इंफोसिस बोर्ड की सदस्य अधिकारी किरण मजूमदार शॉ ने पीटीआई को यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि इंफोसिस के पूर्व सीईओ
विशाल सिक्का ने वित्त वर्ष 2017 में 6.75 मिलियन डॉलर यानी करीब 42 करोड़ 78 लाख रुपये कमाए, हालांकि इससे कंपनी के संस्थापक नारायण मूर्ति खुश नहीं थे।
वहीं विप्रो के सीईओ अबीदाली नीमचवाला को 2 मिलियन डॉलर यानी करीब 12 करोड़ 68 लाख रुपये से कुछ ज्यादा मिल रहे हैं।
कंपनी की नॉमिनेशन एंड रेम्युनरेशन कमिटी (एनआरसी) में शामिल किरण मजूमदार शॉ ने कहा कि पारेख को रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स के तौर पर 3.25 करोड़ रुपये भी मिलेंगे।
उन्होंने कहा, 'उन्हें बतौर वार्षिक प्रदर्शन इक्विटी अनुदान 13 करोड़ रुपये भी मिलेगा।'