भारत की दूसरी बड़ी आईटी सेवा कंपनी इंफोसिस पर अपना अल्प-कालिक राजस्व और मुनाफा बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने के लिए अनैतिक कदम उठाने के आरोप लगे हैं। एक व्हिसल ब्लोअर ने आईटी कंपनी पर ऐसे आरोप लगाए हैं। इन्फोसिस ने इस शिकायत को अपनी ऑडिट समिति के पास भेज दिया है।
कंपनी ने जारी किया बयान
इंफोसिस ने एक बयान में कहा, ‘कंपनी के नियमों के तहत व्हिसल ब्लोअर की शिकायत को ऑडिट समिति के पास भेज दिया गया है और कंपनी की व्हिसल ब्लोअर नीति के तहत ही इस पर आगे कोई कदम उठाया जाएगा।’
इस समूह ने उठाया मामला
खबरों के मुताबिक, खुद को ‘नैतिक कर्मचारी’ बताने वाले एक अज्ञात समूह ने इंफोसिस बोर्ड के साथ ही अमेरिकी नियामक यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन को शिकायत भेजकर ये आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन आरोपों को साबित करने के लिए उसके पास उससे जुड़े ई-मेल और वॉयस रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं। इंफोसिस पर पहले भी प्रशासनिक खामियां बरते जाने के आरोप लग चुके हैं।